उत्तर प्रदेशराज्य

कांवड़ यात्रा पर सीएम योगी का सख्त संदेश: अफवाह फैलाने और उपद्रव करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

कांवड़ यात्रा और महिला सुरक्षा को लेकर सीएम योगी का बड़ा फैसला। अफवाह फैलाने वालों और उपद्रवियों पर होगी कड़ी कार्रवाई। पढ़ें पूरी खबर।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा के दौरान भ्रामक खबरें फैलाने, अफवाह रचने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों में उपद्रव, अराजकता या गुंडागर्दी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैलने वाले भ्रामक समाचारों का तत्काल खंडन करने के आदेश दिए।

बरेली उर्स और कांवड़ यात्रा पर विशेष सतर्कता

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बरेली में कांवड़ यात्रा और आला हजरत उर्स के समानांतर आयोजनों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मुस्लिम समुदाय द्वारा उर्स के दौरान शाकाहारी भोजन वितरण की व्यवस्था करने और शिवभक्तों की आस्था का सम्मान करते हुए कार्यक्रम को सीमित दायरे में रखने की पहल का स्वागत किया। मेरठ और गाजियाबाद के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती राज्यों के सहयोग से कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और अब तक अकेले गाजियाबाद से करीब 70 हजार श्रद्धालु गुजर चुके हैं।

शोहदों की पहचान होगी सार्वजनिक, महिला सुरक्षा पर जोर

हाल ही में सामने आई महिला अपराध की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सुरक्षा सरकार की पहले दिन से ही सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने ‘मिशन शक्ति’ अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने और प्रदेश में तैनात 45 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम ने सख्त हिदायत दी कि शोहदों और टप्पेबाजों की पहचान सार्वजनिक की जाए और संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button