छत्तीसगढ़ में इंफ्रास्ट्रक्चर को रफ्तार: नांदघाट-मुंगेली रोड होगा फोरलेन, सरकार ने दिए ₹21.81 करोड़
छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला। नांदघाट-मुंगेली 36 किमी मार्ग बनेगा फोरलेन, ₹21.81 करोड़ मंजूर। डिप्टी सीएम अरुण साव ने दिए सख्त निर्देश।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा और मुंगेली जिले के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य शासन ने नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक टू-लेन सड़क को फोरलेन में अपग्रेड करने के लिए 21 करोड़ 81 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस राशि से कुल 36.40 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति का परिपत्र जारी कर दिया गया है।
गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, ढिलाई पर होगा एक्शन
डिप्टी सीएम अरुण साव ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री और सड़क की समग्र गुणवत्ता को लेकर बेहद कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण के किसी भी चरण में गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जवाबदेही तय करते हुए संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समय-सीमा में टेंडर और काम पूरा करने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग (PWD) ने प्रमुख अभियंता को निर्देश दिया है कि टेंडर की प्रक्रिया तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए और बजट में मितव्ययिता का विशेष ध्यान रखा जाए। विभाग ने सख्त ताकीद की है कि निर्माण कार्य बिना किसी अनावश्यक देरी के अनुबंधित समय सीमा में ही पूरा हो। अपरिहार्य कारणों के बिना समय-सीमा (Time Extension) बढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, और देरी होने पर नियमानुसार अर्थदंड (पेनाल्टी) लगाया जाएगा।




