थिएटर्स में धमाल मचाने के बाद OTT पर आ रही ‘तुम्बाडची मंजुला’: 7 अगस्त से Zee5 पर देख सकेंगे हॉरर-कॉमेडी का तड़का
मराठी हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'तुम्बाडची मंजुला' का 07 अगस्त को 'मराठी जी5' पर वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर। जितेंद्र जोशी और सई ताम्हणकर स्टारर फिल्म का ओटीटी अपडेट।

मुंबई। वर्ष 2026 की चर्चित मराठी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘तुम्बाडची मंजुला’ का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर 07 अगस्त को ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘मराठी जी5’ (Zee5) पर होने जा रहा है। सिनेमाघरों में दर्शकों और समीक्षकों की जबरदस्त वाहवाही लूटने के बाद, जी स्टूडियोज़ द्वारा निर्मित यह ब्लॉकबस्टर फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
स्टार कास्ट और क्या है फिल्म की कहानी?
विविध कोरगांवकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जितेंद्र जोशी, सई ताम्हणकर, ओम भुटकर, मकरंद अनासपुरे और उषा नाडकर्णी जैसे दिग्गज कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।
फिल्म की कहानी ‘केशव’ नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मजाक-मजाक में यह अफवाह फैला देता है कि उस पर ‘मंजुला’ नाम की आत्मा का साया है। इसके बाद पूरे गांव में अंधविश्वास, अफवाहों और अजीबो-गरीब घटनाओं का ऐसा सिलसिला शुरू होता है, जो दर्शकों को लोटपोट करने के साथ-साथ सस्पेंस में भी रखता है।
‘डर, रोमांच और हास्य से भरपूर पारिवारिक फिल्म’
जी मराठी एवं मराठी जी5 की बिजनेस हेड हेमा वी.आर. ने बताया कि ‘तुम्बाडची मंजुला’ एक ऐसी मनोरंजन से भरपूर फिल्म है, जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिनेमाघरों की तरह ओटीटी पर भी इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार और सकारात्मक रिस्पॉन्स मिलेगा।
कलाकारों और निर्देशक ने जताई खुशी
- निर्देशक विविध कोरगांवकर: “हमारा उद्देश्य मनोरंजन के साथ-साथ समाज की पुरानी परंपराओं और रूढ़िवादी सोच पर करारा प्रहार करना था। ओटीटी के जरिए फिल्म अब और बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचेगी।”
- अभिनेता जितेंद्र जोशी: “केशव का किरदार निभाना काफी मजेदार था। कैसे एक छोटा सा झूठ पूरे गांव की व्यवस्था को हिलाकर रख देता है, इसे बहुत ही रोचक ढंग से पर्दे पर उतारा गया है।”
- अभिनेत्री सई ताम्हणकर: “फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसका डर, हास्य और मानवीय भावनाओं का सटीक संतुलन है, जो इसे खास बनाता है।”




