मध्य प्रदेश

ऑपरेशन हमदर्द: भोपाल रेलवे स्टेशन से 16 बच्चे रेस्क्यू, 3 अपहरण केस का खुलासा; पिता पर जेजे एक्ट का मामला

जीआरपी भोपाल के 'ऑपरेशन हमदर्द' में 16 बच्चे सुरक्षित रेस्क्यू। 3 अपहरण केस सुलझे, 13 भटके बच्चों को परिजनों से मिलाया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन पर चलाए गए विशेष ‘ऑपरेशन हमदर्द’ में जीआरपी (GRP) को बड़ी सफलता मिली है। जुलाई माह में चलाए गए इस 31 दिवसीय अभियान के तहत 16 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। रेस्क्यू किए गए बच्चों में 3 ऐसे मामले भी शामिल हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात और बिहार में अपहरण की FIR दर्ज थी।

31 दिन का अभियान, 11 बालिकाएं और 5 बालक सुरक्षित मिले

रेलवे स्टेशन पर लावारिस और भटके हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक (रेल) अंकित जायसवाल के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 16 बच्चों (11 लड़कियां और 5 लड़के) को दस्तयाब किया गया। इनमें से 13 बच्चे स्टेशन या ट्रेनों में भटके हुए मिले थे, जिनमें मध्य प्रदेश के 9, यूपी के 3 और राजस्थान के 2 बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा, बिहार की 1 माह की बच्ची समेत यूपी और गुजरात से अपहृत 17 वर्षीय दो किशोरियों को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

पिपरिया की बच्ची की काउंसलिंग, पिता पर जेजे एक्ट में FIR

जांच के दौरान प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हालत में मिली पिपरिया (नर्मदापुरम) की बच्ची ‘नंदिनी’ को चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की मदद से सुरक्षित किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि बच्ची से भिक्षावृत्ति (भीख मंगवाना) कराई जा रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए जीआरपी भोपाल ने बच्ची के पिता के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट की धारा 76 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बाल अपराध और मानव तस्करी रोकने में ‘ऑपरेशन हमदर्द’ कारगर

जीआरपी टीआई जहीर खान ने बताया कि रेलवे स्टेशन ऐसे संवेदनशील स्थान हैं जहाँ गुमशुदा या भटके बच्चे अक्सर पहुँच जाते हैं। ‘ऑपरेशन हमदर्द’ न केवल भटके हुए बच्चों को उनके परिवार से मिला रहा है, बल्कि मानव तस्करी और किडनैपिंग जैसे गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने में भी बेहद असरदार साबित हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button