उत्तर प्रदेशराज्य

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, कहा- ‘अपने गुंडों को रोकिए, हिंसा से लोकतंत्र नहीं चलता’

सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सपा कार्यकर्ताओं पर अपने कार्यालय में घुसकर मारपीट और पिस्टल तानने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा- कानून करेगा गुंडों का हिसाब।

लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राजभर ने दावा किया है कि सपा कार्यकर्ताओं ने सुभासपा कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज, हाथापाई की और पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधते हुए राजनीतिक मर्यादा और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं।

‘राजनीतिक मतभेदों में हिंसा की जगह नहीं’

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को टैग करते हुए ओपी राजभर ने लिखा: “अखिलेश यादव जी! राजनीतिक मतभेदों में हिंसा और गाली-गलौज की जगह नहीं होनी चाहिए। आपके कार्यकर्ताओं ने जो किया, उसको कोई भी उचित नहीं ठहरा सकता। वह सिर्फ गलत ही नहीं, बल्कि अपराध की श्रेणी में आता है।”

पिस्टल तानकर दी जान से मारने की धमकी

राजभर ने अपनी पोस्ट में घटना की जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं ने सुभासपा कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश के साथ अभद्रता और मारपीट की। उन्होंने कहा कि “आपके लोग कार्यालय में घुसकर हमला कर रहे हैं और पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आपके पालतू गुंडे इस हद तक उतर गए हैं और आप यह सब देखकर मुस्कुरा रहे होंगे।”

‘क्या यह अखिलेश जी आपके कहने पर हो रहा है?’

राजभर ने तीखे सवाल पूछते हुए कहा:

  • “क्या यह आपके कहने पर हो रहा है? या आपके दोनों चाचाओं ने आपके कार्यकर्ताओं को इशारा किया है?”
  • “लड़ाई लड़नी है तो जनता के बीच आइए, मुद्दों की बात कीजिए।”
  • “इस तरह की गुंडई से आपकी पार्टी चल सकती है, लेकिन लोकतंत्र नहीं चलता।”

‘महाराजा सुहेलदेव का वंशज हूं, कंसवादियों से डरता नहीं’

सपा को खुली चुनौती देते हुए सुभासपा प्रमुख ने कहा कि वे किसी की गुंडई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने लिखा, “अखिलेश जी, एक बात जान लीजिए—ओम प्रकाश राजभर नाम है मेरा। मैं महाराजा सुहेलदेव का वंशज हूं। कंसवादियों से न मैं डरता हूं और न मेरे कार्यकर्ता। बाकी आपके पालतू गुंडों का हिसाब कानून करेगा, देखते जाइए।” राजभर ने अपनी पोस्ट का समापन ‘जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव’ के नारों के साथ किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button