CWG 2026: खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारोत्तोलन पदक विजेताओं को नवाजा, मीराबाई चानू को मिला 30 लाख का इनाम
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय भारोत्तोलकों को खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया। मीराबाई चानू को 30 लाख का चेक मिला।
नई दिल्ली। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 (CWG) में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय भारोत्तोलन टीम को सोमवार को खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया। सीडब्लूजी में 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर भारत ने पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। इसमें भारोत्तोलन टीम का अहम योगदान रहा, जिसने 1 स्वर्ण, 6 रजत और 1 कांस्य समेत कुल 8 पदक अपने नाम किए। खेल मंत्री ने खिलाड़ियों के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि हर जीत पूरे देश के लिए गर्व का पल होती है।
मीराबाई चानू को 30 लाख, रजत विजेताओं को 20-20 लाख रुपये का चेक
सम्मान समारोह के दौरान लगातार तीसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को 30 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। वहीं रजत पदक विजेताओं को 20-20 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता को 10 लाख रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। खेल मंत्री ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए बताया कि संसद सत्र के दौरान हर मेडल की घोषणा संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले की जाती थी।
‘खिलाड़ी या तो जीतता है या सीखता है’ — खेल मंत्री का हौसला
समारोह में पदक से चूक गए एथलीटों का उत्साह बढ़ाते हुए मनसुख मांडविया ने कहा, “शायद आपको अंदाजा नहीं होगा, लेकिन आपका हर मेडल देश को कितनी खुशी देता है। जो खिलाड़ी पदक नहीं जीत पाए, उन्हें हताश होने की जरूरत नहीं है। याद रखें, खिलाड़ी कभी हारता नहीं—वह या तो जीतता है या फिर जीतना सीखता है।”
एशियाई खेलों में पदक जीतना अब अगला लक्ष्य: मीराबाई चानू
सम्मान मिलने के बाद खुशी जताते हुए ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू ने कहा कि देश के लिए पदक जीतना सबसे बड़ा गर्व का क्षण होता है। अपनी भावी योजनाओं का खुलासा करते हुए उन्होंने बताया कि अब उनका पूरा ध्यान जापान में होने वाले आगामी एशियाई खेलों पर केंद्रित है। 48 किलोग्राम वर्ग समाप्त होने के कारण वह अब 49 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगी। उन्होंने कहा कि एशियाड का पदक उनके पास नहीं है और वहां कड़ी चुनौती मिलेगी, लेकिन वह इसके लिए पूरी ताकत लगा देंगी।




