कोटक महिंद्रा बैंक ने पेश किया ‘हाइब्रिड होम लोन’: 65 माह तक ब्याज दर और ईएमआई रहेगी तय
कोटक महिंद्रा बैंक ने 'हाइब्रिड होम लोन' लॉन्च किया है। इसके तहत 65 महीने तक ब्याज दर और EMI फिक्स रहेगी। जानें ब्याज दर, बचत और पूरी जानकारी।
नई दिल्ली। होम लोन की मासिक किस्त (EMI) में ब्याज दरों के उतार-चढ़ाव से परेशान ग्राहकों को बड़ी राहत देने के लिए कोटक महिंद्रा बैंक ने एक नया उत्पाद ‘हाइब्रिड होम लोन’ (Hybrid Home Loan) पेश किया है। इस विशेष योजना के तहत ग्राहक 65 महीने (साढ़े 5 साल से अधिक) की अवधि तक अपने होम लोन की ब्याज दर और ईएमआई को पूरी तरह से स्थिर (फिक्स) रख सकेंगे, जिससे उनके मासिक बजट पर रेपो रेट में होने वाले बदलावों का असर नहीं पड़ेगा।
ग्राहकों को मिलेंगे 39, 52 और 65 महीने के विकल्प
बैंक द्वारा जारी बयान के अनुसार, घर खरीदने के शुरुआती सालों में परिवारों को इंटीरियर, बच्चों की फीस और अन्य घरेलू खर्चों का प्रबंधन करना होता है। इस वित्तीय दबाव को कम करने के लिए हाइब्रिड होम लोन में ग्राहकों को 39, 52 या 65 महीने की फिक्स्ड रेट अवधि चुनने का विकल्प दिया गया है। इस दौरान आरबीआई (RBI) द्वारा रेपो रेट बढ़ाए जाने पर भी ग्राहकों की ईएमआई में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी।
7.6% की शुरुआती ब्याज दर पर उपलब्ध
कोटक महिंद्रा बैंक फिलहाल 7.6 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन की सुविधा दे रहा है। ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार निश्चित (फिक्स्ड) अवधि का चयन कर सकते हैं।
फिक्स्ड अवधि के बाद खुद-ब-खुद फ्लोटिंग में बदलेगा लोन
चुनी गई निर्धारित अवधि (39, 52 या 65 महीने) पूरी होने के बाद यह लोन अपने आप फ्लोटिंग ब्याज दर (Floating Interest Rate) व्यवस्था में स्थानांतरित हो जाएगा। इसके बाद की ब्याज दरें तत्कालीन रेपो रेट और लोन स्वीकृति के समय तय किए गए स्प्रेड (मार्जिंन) पर आधारित होंगी।
1 करोड़ के लोन पर 3.46 लाख रुपये तक की बचत
बैंक के आकलन के मुताबिक, यदि भविष्य में ब्याज दरों में भारी बढ़ोतरी होती है, तो 1 करोड़ रुपये के होम लोन पर इस हाइब्रिड मॉडल के ज़रिए उधारकर्ता को पूरी अवधि के दौरान 3.46 लाख रुपये तक की सीधी बचत हो सकती है।




