महासमुंद: बाल संप्रेक्षण गृह की खिड़की तोड़कर 8 नाबालिग फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
महासमुंद के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से खिड़की तोड़कर 8 नाबालिग फरार। दुष्कर्म, चोरी और NDPS एक्ट के तहत निरुद्ध थे आरोपी। पुलिस जांच में जुटी।

महासमुंद। जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए सोमवार तड़के आठ नाबालिग खिड़की की ग्रिल तोड़कर फरार हो गए। घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। फरार हुए नाबालिगों में दुष्कर्म, चोरी और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं। इस घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
गंभीर अपराधों में निरुद्ध थे फरार नाबालिग
मिली जानकारी के अनुसार, फरार हुए सभी 8 नाबालिग पिछले 4 से 5 महीनों से अलग-अलग मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में रखे गए थे। इनमें से एक नाबालिग दुष्कर्म, दो चोरी और बाकी अन्य एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न संगीन धाराओं के तहत निरुद्ध थे। फरार बच्चों के तार महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और पड़ोसी राज्य ओडिशा के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं।
अधिकारियों में हड़कंप, इलाके में नाकेबंदी और सर्च अभियान चालू
घटना की भनक लगते ही कोतवाली थाना पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा खामियों की पड़ताल की। पुलिस ने जिले भर में नाकेबंदी कर फरार नाबालिगों को पकड़ने के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
दो साल पहले भी हुई थी ऐसी ही घटना, सुरक्षा राम भरोसे
गौरतलब है कि इसी बाल संप्रेक्षण गृह से लगभग दो वर्ष पहले भी बच्चों के भागने का मामला सामने आया था। पुरानी घटना से सबक न लेने के कारण एक बार फिर इतनी बड़ी लापरवाही देखने को मिली है, जिसने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।




