फराह खान ने वजन के कारण शिल्पा शिरोडकर को ‘छैया छैया’ से किया था बाहर, एक्ट्रेस ने सालों बाद खोला राज
शिल्पा शिरोडकर ने खुलासा किया है कि कोरियोग्राफर फराह खान ने वजन के चलते उन्हें 'छैया छैया' गाने से बाहर कर दिया था। जानिए एक्ट्रेस ने क्या कहा।
मुंबई. 90 के दशक की मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर ने शाहरुख खान के आइकॉनिक गाने ‘छैया छैया’ को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ में पहुंचीं शिल्पा ने बताया कि कोरियोग्राफर फराह खान ने उन्हें वजन के कारण इस गाने से बाहर कर दिया था, जिसके बाद यह गाना मलाइका अरोड़ा की झोली में गया।
15 दिन तक खाई उबली सब्जियां, फिर भी फराह को लगीं मोटी
शो के होस्ट हर्ष लिम्बाचिया के पूछने पर शिल्पा ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा, “फराह यह गाना लेकर आई थीं और उन्होंने मुझे वजन कम करने के लिए 15 दिन का समय दिया था। मैंने 15 दिनों तक सिर्फ उबली हुई सब्जियां खाईं। वजन कम भी हुआ, लेकिन फराह के मुताबिक वह काफी नहीं था। उन्होंने आकर मुझसे कहा, ‘सॉरी, तुम अभी भी मोटी हो, हम तुम्हें इस गाने में नहीं ले सकते।’ इसके बाद यह गाना मलाइका अरोड़ा को मिला।”
गीता कपूर थीं इस घटना की चश्मदीद
शिल्पा ने हंसते हुए साफ किया कि वह 100 किलो की नहीं थीं, जैसा कि फराह कहती हैं। इस बातचीत के दौरान शिल्पा ने शो की जज गीता कपूर की तरफ इशारा करते हुए कहा कि वह भी उस वक्त वहां मौजूद थीं। इस पर गीता ने मुस्कुराते हुए हामी भरी और कहा, “हाँ, मैं उस वक्त फराह की असिस्टेंट थी।” सेट पर मौजूद सभी लोग शिल्पा की इस ईमानदारी और बेबाकी के मुरीद हो गए।
बता दें कि शिल्पा शिरोडकर 90 के दशक में ‘हम’ और ‘किशन कन्हैया’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा रहीं और हाल ही में ‘बिग बॉस सीजन 18’ से उन्होंने टीवी दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की है।




