‘नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0’ अभियान: झाबुआ में 8,500 से अधिक लोगों तक पहुंचा संदेश
झाबुआ में 'नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0' अभियान के तहत पुलिस ने ऑटो और सार्वजनिक वाहनों पर नशामुक्ति संदेश लगाए। जिलेभर में 25 जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए हजारों नागरिकों को अभियान से जोड़ा गया।
झाबुआ. मध्यप्रदेश पुलिस के 15 दिवसीय ‘नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0’ अभियान के तहत झाबुआ जिले में लगातार जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के पांचवें दिन पुलिस ने युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ और सुरक्षित जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
कृषि महोत्सव में हजारों लोगों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
झाबुआ शहर के अम्बा पैलेस में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान नशामुक्ति विषय पर बड़े जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही। कार्यक्रम में करीब पांच हजार लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए अभियान को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया।
नुक्कड़ नाटक और लघु फिल्म से दिया प्रभावशाली संदेश
कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई, वहीं कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। प्रेरक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।
ऑटो और बसों पर लगाए गए नशामुक्ति संदेश
अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार स्वयं जनजागरूकता गतिविधियों में शामिल हुए। उन्होंने बस स्टैंड और शहर के प्रमुख मार्गों पर ऑटो, बसों तथा अन्य सार्वजनिक सवारी वाहनों पर नशामुक्ति संदेश वाले पेम्पलेट लगाकर लोगों तक अभियान का संदेश पहुंचाया। इस दौरान वाहन चालकों, यात्रियों और युवाओं से संवाद कर नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और सभी से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई।
जिलेभर में 25 कार्यक्रमों से 8,585 नागरिक हुए जागरूक
अभियान के पांचवें दिन जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में बाजारों, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों और ग्रामीण इलाकों में कुल 25 जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से लगभग 8,585 नागरिकों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया। बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, व्यापारियों और वाहन चालकों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग का संकल्प लिया।
पुलिस ने जनसहभागिता बढ़ाने की अपील
झाबुआ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ चल रहे इस अभियान का सक्रिय हिस्सा बनें। साथ ही अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री या तस्करी जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया गया। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग, जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।




