राष्ट्रीय

Mumbai Rain Alert: मुंबई में अगले 3 घंटे भारी, IMD का रेड अलर्ट; जानें लोकल ट्रेन और ट्रैफिक का हाल

Mumbai Rain Red Alert: मुंबई में अगले 3 घंटे भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट। जानें लोकल ट्रेन, ट्रैफिक, जलभराव और हाई टाइड का ताजा अपडेट।

मुंबई. मायानगरी मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में मॉनसून का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई समेत ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन घंटे मुंबई के लिए बेहद भारी हो सकते हैं। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के बीच लोगों से घरों में रहने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।

24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश? जानें आंकड़े

शनिवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटों में मुंबई में झमाझम बारिश दर्ज की गई। सांताक्रूज वेधशाला में 109.6 मिमी और कोलाबा में 90.2 मिमी बारिश दर्ज हुई। इस सीजन में (3 जुलाई तक) सांताक्रूज में कुल 928.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सालाना औसत का करीब 40% है। पश्चिमी उपनगर के खार में सबसे ज्यादा 150.6 मिमी और बांद्रा में 146 मिमी पानी बरसा, जबकि पूर्वी उपनगर में घाटकोपर 143 मिमी के साथ आगे रहा।

लोकल ट्रेन और ट्रैफिक: क्या है जमीनी हालात?

मुंबईकरों के लिए राहत की बात यह है कि भारी बारिश के बावजूद फिलहाल रफ्तार थमी नहीं है। बीएमसी (BMC) के मुताबिक, शनिवार सुबह 9 बजे तक सेंट्रल और वेस्टर्न दोनों लाइनों पर लोकल ट्रेनें अपने तय समय से चल रही थीं। सड़कों पर भी ट्रैफिक सामान्य है और शहर या उपनगरों में कहीं से भी जलभराव (Waterlogging) की बड़ी शिकायत नहीं मिली है।

तेज हवाओं से नुकसान: पेड़ गिरने और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं

मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के चलते शहर में कई हादसे भी हुए हैं। बीएमसी को पेड़ और डालियां गिरने की 91 शिकायतें मिली हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 50 मामले पश्चिमी उपनगर से हैं। इसके अलावा, शॉर्ट सर्किट की 30 और दीवारों/मकानों के आंशिक रूप से गिरने की 19 घटनाएं रिपोर्ट हुई हैं। आपातकालीन टीमें मौके पर तैनात हैं और मलबे को हटाने का काम जारी है।

समुद्र में हाई टाइड की चेतावनी: प्रशासन अलर्ट पर

बारिश के बीच समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरें मुंबई की चिंता बढ़ा सकती हैं। शनिवार दोपहर 2:50 बजे समुद्र में 4.26 मीटर ऊंची लहरें (High Tide) उठने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह दी है। इसके बाद रात 8:56 बजे लो टाइड आएगा। रविवार दोपहर को भी 4.19 मीटर ऊंचे हाई टाइड का अलर्ट है।

मुंबई की झीलों में पानी का स्तर: पिछले साल से कम

मुंबई को पानी सप्लाई करने वाली सातों झीलों (तानसा, भातसा, विहार, तुलसी, अपर वैतरणा, मोडक सागर और मध्य वैतरणा) में 4 जुलाई की सुबह तक कुल जल भंडार 1,36,137 मिलियन लीटर दर्ज किया गया। यह आंकड़ा 2024 से तो बेहतर है, लेकिन 2025 की इसी अवधि (7,34,562 मिलियन लीटर) के मुकाबले काफी कम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button