‘मार्क जुकरबर्ग के साए से निकलना चाहता हूँ’… जेसी आइजेनबर्ग ने ‘द सोशल नेटवर्क 2’ को मारी लात!
Jesse Eisenberg: 'द सोशल नेटवर्क' अभिनेता जेसी आइजेनबर्ग ने मार्क जुकरबर्ग का रोल दोबारा निभाने से किया इनकार, फिल्म के सीक्वल 'The Social Network 2' का ऑफर ठुकराया।
साल 2010 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘द सोशल नेटवर्क’ (The Social Network) में फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग का किरदार निभाकर वैश्विक लोकप्रियता हासिल करने वाले अभिनेता जेसी आइजेनबर्ग ने एक बड़ा फैसला लिया है। आइजेनबर्ग का कहना है कि वह अब इस आइकॉनिक किरदार से जुड़े नहीं रहना चाहते और अपने जीवन में पूरी तरह आगे बढ़ चुके हैं। इसी वजह से उन्होंने फिल्म के आगामी सीक्वल (अगले भाग) में जुकरबर्ग की भूमिका को दोबारा निभाने के बड़े ऑफर को ठुकरा दिया है।
ऑस्कर नॉमिनेशन दिलाने वाले रोल से बनाई दूरी
डेविड फिंचर के निर्देशन में बनी ‘द सोशल नेटवर्क’ में साल 2003 के दौरान हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के एक छात्र (मार्क जुकरबर्ग) द्वारा फेसबुक की स्थापना की कहानी को बेहद शानदार ढंग से दिखाया गया था।
- करियर का टर्निंग पॉइंट: इस फिल्म में दमदार अभिनय के दम पर जेसी आइजेनबर्ग रातों-रात ग्लोबल स्टार बन गए थे।
- ऑस्कर की रेस: इस बेहतरीन रोल के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (Best Actor) की श्रेणी में ऑस्कर के लिए भी नामांकित किया गया था। हालांकि, अब अभिनेता इस किरदार के ठप्पे से खुद को मुक्त करना चाहते हैं।
डायरेक्टर आरोन सोर्किन को जेसी का दो टूक जवाब
फिल्म के निर्माता अब इसके अगले भाग (सीक्वल) की तैयारियों में जुटे हैं, जिसकी पटकथा और निर्देशन की कमान दिग्गज राइटर आरोन सोर्किन संभाल रहे हैं। जेसी आइजेनबर्ग ने एंटरटेनमेंट पोर्टल ‘वैरायटी’ (Variety) से बातचीत में इस रिजेक्शन की इनसाइड स्टोरी साझा की: “आरोन सोर्किन से किसी भी तरह की बातचीत करना एक बड़ा सम्मान है। वह जिस तरह बात करते हैं, उसी तरह बेहद शानदार ढंग से लिखते भी हैं। उनके साथ काम न करना ऐसा लगता है मानो आप पूरे अमेरिका को निराश कर रहे हों। लेकिन, मैंने उनसे साफ कह दिया है कि मैं अब अपने जीवन में पूरी तरह अलग दिशाओं में आगे बढ़ रहा हूँ।” — जेसी आइजेनबर्ग




