IND vs ZIM: जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, 4 नए चेहरों के साथ टीम में हुए ‘होलसेल’ बदलाव
BCCI ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। संजू सैमसन बाहर हैं, जबकि प्रभसिमरन सिंह और यश ठाकुर समेत 4 नए खिलाड़ियों को मौका मिला है। पूरी टीम देखें।
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जिम्बाब्वे दौरे के लिए 15 सदस्यीय टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। इसी महीने होने वाली 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने टीम में ‘होलसेल’ बदलाव किए हैं। इस नई टीम में चार नए खिलाड़ियों को जगह दी गई है, जिनमें से तीन खिलाड़ी (प्रभसिमरन सिंह, अशोक शर्मा और यश ठाकुर) अपना इंटरनेशनल डेब्यू करेंगे, जबकि ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने पिछले ही महीने वनडे में कदम रखा है।
सैमसन और सुंदर बाहर, इन 6 धुरंधरों की हुई एंट्री
जिम्बाब्वे में 23 से 26 जुलाई के बीच होने वाली इस सीरीज के लिए सिलेक्टर्स ने कई सीनियर खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया है। टी20 विश्व कप 2026 के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे संजू सैमसन और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर इस टीम का हिस्सा नहीं हैं। इसके अलावा इंग्लैंड सीरीज में खेल रहे अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई को भी आराम दिया गया है। इनकी जगह रिंकू सिंह और मयंक यादव की वापसी हुई है, जबकि नए चेहरों को आजमाने का फैसला किया गया है।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव।




