उत्तर प्रदेश

सीएम योगी करेंगे पौधरोपण महाअभियान का आगाज, गोरखपुर को मिला 55 लाख से अधिक पौधों का लक्ष्य

गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पौधरोपण महायज्ञ 2026 की शुरुआत करेंगे। प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि गोरखपुर जिले को 55 लाख से अधिक पौधरोपण की जिम्मेदारी मिली है।

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रदेशव्यापी पौधरोपण महायज्ञ 2026 की शुरुआत गोरखपुर से होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और ताल रिंग रोड के समीप ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करेंगे। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में वे प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करेंगे। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

पवित्र त्रिवेणी और मौलश्री के पौधों का होगा रोपण

अभियान की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री नीम, पीपल और बरगद की पवित्र त्रिवेणी का पौधरोपण करेंगे। इसके अलावा ताल रिंग रोड के किनारे मौलश्री का पौधा भी लगाया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष राज्यभर में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग के समन्वय में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

गोरखपुर को मिला 55 लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य

राज्यव्यापी अभियान में गोरखपुर जिले को 55 लाख 28 हजार 600 पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले में पौधरोपण के लिए विभिन्न विभागों के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया है, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके। अभियान में कुल 27 विभाग भागीदारी निभाएंगे, जिनमें सबसे अधिक लक्ष्य वन विभाग को दिया गया है।

पौधरोपण स्थलों पर तैयारियां पूरी

वन विभाग के अनुसार जिले की सभी पौधशालाओं में गुणवत्तायुक्त पौधों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। पौधों की बेहतर वृद्धि और उत्तरजीविता को ध्यान में रखते हुए रोपण स्थलों पर गड्ढों की खुदाई, उपजाऊ मिट्टी की व्यवस्था, स्थल विकास और पौधों की सुरक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं। इससे पौधरोपण के बाद उनके संरक्षण और विकास को भी मजबूती मिलेगी।

कई विभाग मिलकर पूरा करेंगे अभियान

गोरखपुर में इस अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग, ग्राम विकास, कृषि, उद्यान, पर्यावरण, पंचायती राज और राजस्व विभाग समेत कई विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वन विभाग को सबसे अधिक 19.37 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है, जबकि ग्राम विकास विभाग को 18.61 लाख पौधों का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा कृषि, उद्यान, पर्यावरण, पंचायती राज और राजस्व विभाग भी अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पौधरोपण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button