विश्व कप 2026: तीसरे स्थान के लिए भिड़ेंगे इंग्लैंड और फ्रांस, गोल्डन बूट पर भी नजर
फीफा विश्व कप 2026 में इंग्लैंड और फ्रांस तीसरे स्थान के मुकाबले में आमने-सामने होंगे। कांस्य पदक के साथ एम्बाप्पे, हैरी केन और जूड बेलिंगम के पास गोल्डन बूट की दौड़ में बढ़त हासिल करने का अंतिम अवसर रहेगा।

फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में हारने के बाद अब यूरोप की दो मजबूत टीमें इंग्लैंड और फ्रांस तीसरे स्थान के मुकाबले में आमने-सामने होंगी। मियामी में होने वाला यह मुकाबला केवल कांस्य पदक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दोनों टीमें टूर्नामेंट का समापन जीत के साथ करने की कोशिश करेंगी। सेमीफाइनल में फ्रांस को स्पेन से 2-0 और इंग्लैंड को अर्जेंटीना से 2-1 की हार का सामना करना पड़ा था।
गोल्डन बूट की दौड़ में रोमांच
यह मुकाबला व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे आठ गोल के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में मजबूत दावेदार हैं और उनके पास अपनी बढ़त मजबूत करने का अंतिम मौका होगा। वहीं इंग्लैंड के हैरी केन और जूड बेलिंगम छह-छह गोल के साथ इस रेस में बने हुए हैं। ऐसे में तीसरे स्थान का यह मुकाबला गोल्डन बूट की तस्वीर भी बदल सकता है।
फ्रांस का प्रदर्शन रहा दमदार
फ्रांस ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। टीम ने ग्रुप चरण में सेनेगल, इराक और नॉर्वे को हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद नॉकआउट चरण में स्वीडन, पैराग्वे और मोरक्को जैसी मजबूत टीमों को मात देकर अंतिम चार में जगह बनाई। हालांकि सेमीफाइनल में स्पेन के खिलाफ टीम अपनी लय कायम नहीं रख सकी और फाइनल में पहुंचने का सपना अधूरा रह गया।
इंग्लैंड ने भी दिखाई मजबूत चुनौती
इंग्लैंड का अभियान भी उतार-चढ़ाव से भरा रहा। टीम ने क्रोएशिया को हराने के बाद घाना के खिलाफ ड्रॉ खेला और फिर पनामा को मात देकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। नॉकआउट दौर में इंग्लैंड ने कांगो डीआर, सह-मेजबान मैक्सिको और नॉर्वे को हराकर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि अर्जेंटीना के खिलाफ अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी।
इतिहास में किसका पलड़ा भारी?
विश्व कप इतिहास में फ्रांस चौथी बार तीसरे स्थान के मुकाबले में उतर रहा है। उसने दो बार कांस्य पदक अपने नाम किया है, जबकि एक बार हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर इंग्लैंड तीसरी बार इस मुकाबले में खेलेगा और अब तक उसे दोनों अवसरों पर हार मिली है। ऐसे में इंग्लैंड पहली बार विश्व कप में तीसरा स्थान हासिल करने की कोशिश करेगा।
हेड-टू-हेड और मैच का समय
दोनों देशों के बीच अब तक 32 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें इंग्लैंड ने 17 मैच जीते हैं, जबकि फ्रांस को 10 मुकाबलों में जीत मिली है। पांच मैच ड्रॉ रहे हैं। दोनों टीमों के बीच तीसरे स्थान का यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रविवार सुबह 2:30 बजे खेला जाएगा, जहां कांस्य पदक के साथ गोल्डन बूट की दौड़ पर भी सभी की नजरें टिकी रहेंगी।




