CM विष्णुदेव साय का आज बड़ा एक्शन, पंचायत विभाग की समीक्षा के साथ BJP की अहम बैठकें
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करेंगे। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश सिंह दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंच रहे हैं, जहां संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर महत्वपूर्ण बैठकें होंगी।

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, ग्रामीण विकास कार्यों की स्थिति और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री सुबह अपने निवास से मंत्रालय पहुंचे, जहां अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों पर विस्तृत चर्चा का कार्यक्रम निर्धारित है।
दोपहर बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में रहेंगे व्यस्त
विभागीय समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री दोपहर में भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे। यहां वे संगठनात्मक बैठकों और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दिनभर के निर्धारित कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री रात में अपने निवास लौटेंगे।
शिवप्रकाश सिंह के दौरे से संगठनात्मक गतिविधियां तेज
भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश सिंह आज दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। उनके आगमन के साथ प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू होगा। मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारियों और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी, जबकि बुधवार को प्रदेश महामंत्रियों और विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजकों के साथ अलग-अलग बैठकें प्रस्तावित हैं।
संगठन विस्तार और भविष्य की रणनीति पर होगा मंथन
बैठकों में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।




