छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय के निर्देश का असर, बिजली गिरने से मृत व्यक्ति के परिवार को मिली ₹4 लाख सहायता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित कार्रवाई से आकाशीय बिजली से मृत व्यक्ति के आश्रित को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह निवास बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से आकाशीय बिजली गिरने से मृत व्यक्ति के परिवार को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर लंबित मुआवजा प्रकरण का तेजी से निपटारा करते हुए मृतक के आश्रित को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई तत्काल कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मृत्यु के बाद मुआवजा राशि लंबित थी। इस पर मृतक के परिजनों ने बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देकर आर्थिक सहायता की मांग की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद राजस्व विभाग ने पूरे प्रकरण का परीक्षण शुरू किया।

राजस्व विभाग ने पूरी की प्रक्रिया

जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने ग्राम झिक्की, तहसील बगिया, जिला जशपुर निवासी मृतक के आश्रित संजय कुजूर के पक्ष में 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की अनुशंसा कलेक्टर जशपुर को भेजी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार को सहायता राशि जारी कर दी गई।

परिजनों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

आर्थिक सहायता मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देने के बाद मामले पर तुरंत संज्ञान लिया गया और शीघ्र कार्रवाई के चलते उन्हें समय पर आर्थिक सहायता मिल सकी।

आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी केंद्र बना कैंप कार्यालय

बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। यहां प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल रही है और शासन के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button