कांकेर में नए तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण, अरुण साव बोले- बेहतर सुविधाओं से बढ़ेगी प्रशासनिक दक्षता
कांकेर जिले के सरोना में 63.81 लाख रुपये की लागत से बने नए तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन में विभिन्न शाखाओं का संचालन होगा। कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण भी किया गया।
कांकेर. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के सरोना में प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया और परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग और विधायक आशाराम नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
63.81 लाख रुपये की लागत से तैयार हुआ आधुनिक भवन
लोक निर्माण विभाग द्वारा 63 लाख 81 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस सर्वसुविधायुक्त तहसील कार्यालय भवन में कुल 10 कक्ष बनाए गए हैं। इन कक्षों में राजस्व और प्रशासन से जुड़ी विभिन्न शाखाओं का संचालन किया जाएगा। नए भवन के शुरू होने से स्थानीय नागरिकों को एक ही परिसर में कई प्रशासनिक सेवाएं अधिक व्यवस्थित और सुगम तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही मौजूदगी
लोकार्पण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, कांकेर जिला पंचायत की उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मण्डावी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इस नए भवन को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।




