अमरनाथ यात्रियों को एयरटेल का तोहफा: गुफा तक मिलेगी सुपरफास्ट कनेक्टिविटी और नेटवर्क
भारती एयरटेल ने अमरनाथ यात्रा मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क का विस्तार किया है। बालटाल और पहलगाम रूट के चंदनवाड़ी, पिस्सू टॉप समेत पूरी गुफा मार्ग पर अब मजबूत कनेक्टिविटी मिलेगी।
नई दिल्ली. अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी और राहत भरी खबर है। दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने पवित्र अमरनाथ गुफा जाने वाले दोनों मुख्य मार्गों पर अपने मोबाइल नेटवर्क को काफी मजबूत कर दिया है। अब बेहद चुनौतीपूर्ण और दुर्गम रास्तों पर भी यात्रियों को निर्बाध वॉयस कॉलिंग और हाई-स्पीड डेटा की सुविधा मिलेगी। कंपनी के इस कदम से न सिर्फ तीर्थयात्री अपने परिवार से जुड़े रहेंगे, बल्कि सुरक्षा बलों और स्थानीय प्रशासन को भी आपातकालीन संचार में बड़ी मदद मिलेगी।
बालटाल से लेकर चंदनवाड़ी तक मजबूत नेटवर्क
एयरटेल ने बालटाल और पहलगाम के मुख्य मार्गों समेत चंदनवाड़ी, पिस्सू टॉप और बेताब घाटी जैसे महत्वपूर्ण पड़ावों पर नए नेटवर्क साइट्स (टावर) तैनात किए हैं। जम्मू-कश्मीर में भारती एयरटेल के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) विक्रम आर.एस. ने कहा कि कंपनी सबसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी लोगों को निर्बाध रूप से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। यह नेटवर्क विस्तार तीर्थयात्रियों और सुरक्षा बलों को हर समय सुरक्षित और कनेक्टेड रखने की दिशा में एक बड़ा कदम है।




