हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस और पिकअप की टक्कर, फ्लाईओवर से नीचे गिरे लोग, 3 की मौत
हरिद्वार के श्यामपुर में सोमवार तड़के उत्तराखंड रोडवेज बस और पिकअप की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। टक्कर के बाद दो लोग फ्लाईओवर से नीचे गिर गए। पूरी खबर पढ़ें।
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको दहला दिया। श्यामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक फ्लाईओवर पर उत्तराखंड रोडवेज की बस और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार दो लोग उछलकर सीधे फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। इस दिल दहला देने वाले हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
तड़के सुबह 4:30 बजे हुआ हादसा, नजीबाबाद से आ रही थी बस
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। टनकपुर डिपो की उत्तराखंड रोडवेज बस (UK07 PA 2812) नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, तभी सामने से आ रहे पिकअप वाहन (PB65 BH 7296) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। एक्सीडेंट की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस और रात्रि अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया।
मृतकों की पहचान: इलाज के दौरान अहान (18 वर्ष, निवासी नजीबाबाद) और एक करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल शराफत और उनकी पत्नी शबाना (35 वर्ष) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में शबाना की भी मौत हो गई।
घायलों का इलाज जारी, जांच में जुटी पुलिस
हादसे में घायल अन्नू (18 वर्ष), सोनी लाल (25 वर्ष, निवासी हरदोई) और शमीम (42 वर्ष, निवासी बिजनौर) का फिलहाल जिला अस्पताल हरिद्वार में इलाज चल रहा है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।




