मनोरंजन

स्टार का मजबूत फैसला: सुनील शेट्टी ने 40 करोड़ का ऑफर कहा ‘ना’

सुनील शेट्टी ने 40 करोड़ रुपये का तंबाकू विज्ञापन ठुकराया। अभिनेता बोले—जिस पर यकीन नहीं, उसे प्रमोट नहीं कर सकता। सेहत और युवाओं पर असर को बताया सबसे बड़ी वजह।

मुंबई. बॉलीवुड में तंबाकू और शराब ब्रांड्स के विज्ञापनों को लेकर लंबे समय से बहस जारी है। जहां कई सितारे मोटी रकम के बदले ऐसे विज्ञापन करते नजर आते हैं, वहीं सोशल मीडिया पर उन्हें तीखी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ता है। इसी बीच अभिनेता सुनील शेट्टी ने करोड़ों रुपये के तंबाकू विज्ञापन को ठुकराकर एक अलग मिसाल पेश की है।

‘सेहत ने ही मुझे इस मुकाम तक पहुंचाया’

सुनील शेट्टी ने हाल ही में PeepingMoon के एक पॉडकास्ट में खुलासा किया कि उन्हें तंबाकू ब्रांड को प्रमोट करने के लिए भारी रकम ऑफर की गई थी, लेकिन उन्होंने साफ इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा, “मैं अपनी सेहत का आभारी हूं। मेरे शरीर ने ही मुझे फिल्म इंडस्ट्री में पहचान दिलाई। अगर मैं इसे अपनी पूजा स्थली न मानूं, तो यह खुद के साथ नाइंसाफी होगी।”

‘युवाओं से मिलने वाला सम्मान मेरी सबसे बड़ी कमाई’

सुनील शेट्टी ने यह भी कहा कि भले ही वह आज बॉक्स ऑफिस पर पहले जितने सक्रिय न हों, लेकिन आज भी 17–20 साल के युवा उन्हें सम्मान और प्यार देते हैं। उनके अनुसार, “यह मेरे लिए किसी भी पैसे से बड़ी उपलब्धि है। मुझे सोचना होता है कि मैं अपने बच्चों के लिए कैसी विरासत छोड़कर जा रहा हूं।”

40 करोड़ का ऑफर, लेकिन साफ इनकार

अभिनेता ने खुलासा किया कि उन्हें करीब 40 करोड़ रुपये का तंबाकू विज्ञापन ऑफर हुआ था। उन्होंने बताया, “मैंने उनसे कहा—क्या तुम्हें लगता है मैं फंस जाऊंगा? शायद मुझे पैसों की ज़रूरत थी, लेकिन मैं ऐसा कुछ नहीं करूंगा, जिस पर मेरा यकीन न हो। इससे मेरे बच्चों—अहान, अथिया और राहुल—सब पर दाग लगेगा।” सुनील शेट्टी के अनुसार, इस इनकार के बाद उन्हें दोबारा कभी ऐसे विज्ञापनों का ऑफर ही नहीं मिला।

तंबाकू विज्ञापनों पर पहले भी उठते रहे हैं सवाल

सुनील शेट्टी से पहले भी कई फिल्मी सितारे तंबाकू ब्रांड्स को प्रमोट करने से इनकार कर चुके हैं। वहीं दूसरी ओर अक्षय कुमार और अजय देवगन को पान मसाला और तंबाकू उत्पादों के विज्ञापनों के चलते सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा था।

फैंस का तर्क रहा है कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले सितारों को खासकर युवाओं पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए ज्यादा जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।

INE Desk

हम देश और दुनिया की हर बड़ी घटना को बिना किसी लाग-लपेट के, सटीक और तेजी से आप तक पहुंचाते हैं। हमारी टीम सच्चाई के लिए प्रतिबद्ध है और गहन विश्लेषण के साथ हर कोने से समाचार लाती है। चाहे राजनीति हो, व्यापार, खेल, मनोरंजन या टेक्नोलॉजी, हमारा उद्देश्य है कि आप हर विषय पर अपडेट रहें। हम गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता में विश्वास करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button