उत्तर प्रदेशराज्य

मुख्यमंत्री ने कहा—हर समस्या का होगा समाधान

गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने 200 लोगों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान और गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद के निर्देश दिए।

गोरखपुर. सोमवार देर शाम गोरखपुर पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास के बाद मंगलवार सुबह जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की। समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों की बात उन्होंने गंभीरता से सुनी, प्रार्थना पत्र पढ़े और आत्मीयता से आश्वस्त किया—“घबराइए मत, समस्या का समाधान कराया जाएगा।”

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या पर संवेदनशीलता के साथ ध्यान दें और उसका त्वरित, गुणवत्तापूर्ण व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करें।

मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। वह स्वयं कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे और “कहां से आए हैं, क्या समस्या है” कहते हुए एक-एक की बात सुनी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का समाधान समयबद्ध और संतोषजनक तरीके से कराया जाएगा। जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

गंभीर बीमारियों के इलाज में मिलेगी भरपूर आर्थिक मदद

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इलाज में धन की कमी बाधक नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल के इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इस अवसर पर बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें पढ़ाई और स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया तथा मिष्ठान्न भी वितरित किए।

गोशाला में गोसेवा, मोर ‘पुंज’ पर भी लुटाया स्नेह

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही। गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन और गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर शीश नमन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया।

गोशाला पहुंचकर मुख्यमंत्री ने गोसेवा की, गोवंशों को नाम लेकर पुकारा और अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया। इसी दौरान मंदिर परिसर का मोर ‘पुंज’ भी उनके पास आया, जिस पर मुख्यमंत्री ने स्नेह जताते हुए उसे रोटी के छोटे टुकड़े खिलाए।

INE Desk

हम देश और दुनिया की हर बड़ी घटना को बिना किसी लाग-लपेट के, सटीक और तेजी से आप तक पहुंचाते हैं। हमारी टीम सच्चाई के लिए प्रतिबद्ध है और गहन विश्लेषण के साथ हर कोने से समाचार लाती है। चाहे राजनीति हो, व्यापार, खेल, मनोरंजन या टेक्नोलॉजी, हमारा उद्देश्य है कि आप हर विषय पर अपडेट रहें। हम गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता में विश्वास करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button