छत्तीसगढ़

बस्तर में विकास की बयार, वन मंत्री केदार कश्यप ने किया ऐतिहासिक लोकार्पण

छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में विकास और सांस्कृतिक संरक्षण को बढ़ावा। मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में ₹5.84 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

रायपुर. वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, जीर्णोद्धार और संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मंत्री कश्यप ने नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बस्तर विकासखंड में कुल 5 करोड़ 84 लाख 76 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

ग्रामीण क्षेत्रों को मिली विकास योजनाओं की सौगात

मंत्री कश्यप ने फरसागुड़ा, सोरगांव, चेराकुर और छोटेअलनार में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत कर ग्रामीणों को विकास योजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

चेराकुर क्लस्टर को सबसे अधिक स्वीकृति

मंत्री ने बताया कि चेराकुर क्लस्टर के लिए सर्वाधिक 4 करोड़ 85 लाख 98 हजार रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 4 करोड़ 64 लाख 98 हजार रुपये की लागत से बनने वाली चेराकुर–कोलेबेडा सड़क प्रमुख है, जो क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत कर ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाएगी। साथ ही जल निकासी और यातायात सुधार के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिया निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया।

सोरगांव और छोटेअलनार में सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार

सोरगांव क्लस्टर में 30 लाख 38 हजार रुपये की लागत से केशरपाल में सांस्कृतिक भवन, नयागुड़ापारा में सांस्कृतिक मंच, कुच्चीगुड़ा में सामुदायिक भवन और बनियागांव में हाई-मास्ट लाइट लगाने के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

इसी प्रकार छोटेअलनार में 50 लाख 50 हजार रुपये की लागत से धवड़ागुड़ा, मांझीपारा और टेमरुगुड़ा में सामुदायिक भवनों का निर्माण प्रारंभ किया गया। ग्राम पंचायत छोटेअलनार की पेयजल समस्या के समाधान हेतु पानी टैंकर का वितरण भी किया गया, जबकि देवड़ा और तारागांव में पुलिया निर्माण का भूमिपूजन किया गया।

फरसागुड़ा से कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत फरसागुड़ा से हुई, जहां 17 लाख 90 हजार रुपये की लागत से आंगनबाड़ी केंद्र में अहाता निर्माण, शिवगुड़ी तालाब के पास मंडली भवन और भानपुरी में माता मंदिर के पास पुलिया निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। मंत्री कश्यप ने कहा कि सुदूर वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और संस्कृति का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने 4.80 किलोमीटर लंबी चेराकुर–कोलेबेडा सड़क को क्षेत्रीय प्रगति का आधार बताया।

संस्कृति और सामाजिक समरसता को मिलेगा बल

वन मंत्री कश्यप ने कहा कि आदिवासी संस्कृति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में सांस्कृतिक और सामुदायिक भवनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सोरगांव और छोटेअलनार में इन भवनों के निर्माण से सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वीकृत सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

INE Desk

हम देश और दुनिया की हर बड़ी घटना को बिना किसी लाग-लपेट के, सटीक और तेजी से आप तक पहुंचाते हैं। हमारी टीम सच्चाई के लिए प्रतिबद्ध है और गहन विश्लेषण के साथ हर कोने से समाचार लाती है। चाहे राजनीति हो, व्यापार, खेल, मनोरंजन या टेक्नोलॉजी, हमारा उद्देश्य है कि आप हर विषय पर अपडेट रहें। हम गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता में विश्वास करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button