उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी के चंदौली शहर में बकरीद पर माहौल खराब करने की कोशिश, नमाजी की कार का शीशा तोड़ने पर हंगामा

चंदौली
यूपी के चंदौली शहर में बकरीद पर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। शनिवार को बकरीद के अवसर पर सुबह नमाज पढ़ने गए एक युवक की कार का कुछ अराजक तत्वों ने कथित तौर पर शीशा तोड़ दिया, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। चंदौली थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि सकलडीहा रोड पर स्थित एक ईदगाह में सुबह करीब नौ बजे बिछिया गांव निवासी 21 वर्षीय आसिफ अली परिवार के साथ कार से नमाज अदा करने के लिए आए थे और पास में यूको बैंक के समीप अपनी कार खड़ी की थी।

थाना प्रभारी ने बताया कि नमाज अदा करने के बाद जब वह लौटे तो गाड़ी का शीशा टूटा मिला। इस पर आसिफ ने आसपास में तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने इसकी जानकारी होने से इनकार कर दिया जिसके बाद वह इस पर हंगामा करने लगे। उन्होंने बताया कि अन्य नमाजी जब ईदगाह से बाहर निकले तो घटना की जानकारी होते ही वे भी उग्र हो गए। सिंह ने बताया, 'जांच में पता चला है कि तीन अराजक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने उनका पता लगा लिया है। शीघ्र ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

यूपी में धूमधाम से मनाई गई ईद-उल-अजहा
यूपी में शनिवार को ईद-उल-अजहा धूमधाम से मनाई गई और लोगों ने कड़ी सुरक्षा के बीच ईदगाहों में नमाज अदा की। राजधानी लखनऊ में शाही इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की अगुवाई में ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई जिसके बाद देश की सीमाओं पर तैनात जवानों की सुरक्षा की दुआ की गई। एक वीडियो संदेश में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने शनिवार को कहा, पूरे देश में एक बहुत अच्छे माहौल में बकरीद मनाई जा रही है। साथ ही इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया द्वारा जारी यह सलाह भी मानने की अपील की गई है कि केवल उन्हीं पशुओं की कुर्बानी दें जिन पर प्रतिबंध नहीं है।

कुर्बानी निर्धारित स्थानों पर ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के बाद पशु का खून नालियों में नहीं बहाया जाना चाहिए और नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्था के मुताबिक ही अपशिष्ट का निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, नमाज के बाद देश के विकास और रक्षा के साथ ही सीमाओ पर तैनात सैनिकों की सुरक्षा की दुआ करनी चाहिए। ईद-उल-अजहा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पूरे प्रदेश में इस त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाना सुनिश्चित करने के लिए बृहस्पतिवार को निर्देश जारी किए थे।

 

INE Desk

हम देश और दुनिया की हर बड़ी घटना को बिना किसी लाग-लपेट के, सटीक और तेजी से आप तक पहुंचाते हैं। हमारी टीम सच्चाई के लिए प्रतिबद्ध है और गहन विश्लेषण के साथ हर कोने से समाचार लाती है। चाहे राजनीति हो, व्यापार, खेल, मनोरंजन या टेक्नोलॉजी, हमारा उद्देश्य है कि आप हर विषय पर अपडेट रहें। हम गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता में विश्वास करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button