टीम बैलेंस पर असर डालता है फेरबदल: बल्लेबाजी क्रम पर बोले रॉबिन उथप्पा
भारतीय क्रिकेट टीम को गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में 51 रन से हार का सामना करना पड़ा। मैच में लक्ष्य का पीछा करने के दौरान अपनाई गई रणनीति को लेकर टीम इंडिया की आलोचना हो रही है।
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम को गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में 51 रन से हार का सामना करना पड़ा। मैच में लक्ष्य का पीछा करने के दौरान अपनाई गई रणनीति को लेकर टीम इंडिया की आलोचना हो रही है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने बल्लेबाजी क्रम और रणनीतिक फैसलों पर सवाल खड़े किए हैं।
शीर्ष क्रम के लचीलेपन पर उथप्पा की आपत्ति
जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान रॉबिन उथप्पा ने कहा कि टीम इंडिया के शीर्ष क्रम में जरूरत से ज्यादा लचीलापन ही हार की बड़ी वजह बना। उन्होंने कहा, “शुरुआती विकेट गिरना कोई बड़ी समस्या नहीं है, लेकिन मेरे लिए असली दिक्कत शुभमन गिल के आउट होने के बाद अपनाई गई रणनीति थी।”
तीसरे नंबर पर अक्षर पटेल को भेजना पड़ा भारी
उथप्पा ने तीसरे नंबर पर अक्षर पटेल को भेजने के फैसले की आलोचना करते हुए कहा, “इतनी मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप के बावजूद अक्षर पटेल को तीसरे नंबर पर भेजना टीम पर भारी पड़ा। उन्हें पिच-हिटर की भूमिका निभानी थी, लेकिन अक्षर ने 21 गेंदों में 21 रन बनाए और उस भूमिका को निभा नहीं सके। विकेट गिरते रहने से उन्हें अपना खेल बदलना पड़ा और धीमी बल्लेबाजी करनी पड़ी, जिससे रन चेज को नुकसान हुआ।”
बड़े लक्ष्य के लिए मजबूत आधार जरूरी
पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बल्लेबाजों को अपनी भूमिका को लेकर पूरी स्पष्टता होनी चाहिए। “पहले छह से आठ ओवर के बाद मैच की स्थिति के अनुसार बल्लेबाजी क्रम में लचीलापन समझ आता है, लेकिन बड़े लक्ष्य का पीछा करने के लिए एक मजबूत आधार जरूरी होता है। उसके बिना जीत मुश्किल हो जाती है।”
एक ही मैच में कई रोल निभाना बना परेशानी
उथप्पा ने कहा कि खिलाड़ियों से एक ही मैच में कई भूमिकाएं निभाने की उम्मीद रखना रन बनाने को और कठिन बना देता है।
“मैं सलामी बल्लेबाजों के अलावा पारी की शुरुआत में ज्यादा बदलाव के पक्ष में नहीं हूं। यही वजह है कि भारत की परेशानी बढ़ रही है।”
214 रन के लक्ष्य के सामने लड़खड़ाई भारतीय टीम
दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 214 रन का बड़ा लक्ष्य रखा था। शुभमन गिल पहले ही ओवर में आउट हो गए। सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाज मौजूद होने के बावजूद अक्षर पटेल को ऊपर भेजने के फैसले पर हेड कोच गौतम गंभीर की भी आलोचना हो रही है।
162 रन पर सिमटी टीम इंडिया
भारतीय टीम 19.1 ओवर में 162 रन पर सिमट गई और मुकाबला 51 रन से हार गई। इस हार के बाद टीम की रणनीति और बल्लेबाजी क्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।




