खेल

शादी से पहले टूटा रिश्ता? स्मृति–पलाश की वेडिंग कैंसिल, खुद स्मृति ने दी जानकारी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज़ और उप-कप्तान स्मृति मंधाना और उनके लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड पलाश मुच्छल की शादी अब औपचारिक रूप से रद्द कर दी गई है।

नई दिल्ली. भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज़ और उप-कप्तान स्मृति मंधाना और उनके लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड पलाश मुच्छल की शादी अब औपचारिक रूप से रद्द कर दी गई है। इस बात की जानकारी खुद स्मृति मंधाना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी शेयर कर दी।

ज्ञात हो कि स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी 23 नवंबर 2025 को होनी थी, लेकिन उसी दिन स्मृति के पिता को माइनर हार्ट अटैक आने के कारण शादी को टाल दिया गया था। अब स्मृति ने स्पष्ट कर दिया है कि यह शादी अब पूरी तरह रद्द हो चुकी है।

स्मृति मंधाना ने लंबा बयान जारी कर तोड़ी चुप्पी

स्मृति मंधाना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा— “पिछले कुछ हफ्तों से मेरी निजी ज़िंदगी को लेकर कई तरह की बातें और अटकलें लगाई जा रही हैं। मैं बहुत निजी स्वभाव की इंसान हूं और अपनी निजी ज़िंदगी को निजी ही रखना चाहती हूं, लेकिन अब साफ करना ज़रूरी हो गया है कि शादी रद्द हो चुकी है। मैं यहीं इस विषय को समाप्त करना चाहती हूं। आप सभी से अनुरोध है कि दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करें और हमें थोड़ा समय और स्पेस दें।

मेरी ज़िंदगी का उद्देश्य हमेशा अपने देश के लिए खेलना रहा है। मैं भारत के लिए खेलते रहना चाहती हूं, मैच जीतना चाहती हूं और देश के नाम ज़्यादा से ज़्यादा ट्रॉफी करना चाहती हूं। यही मेरा फोकस है और हमेशा रहेगा। आप सभी के प्यार और सपोर्ट के लिए दिल से धन्यवाद। अब आगे बढ़ने का समय है।”

धोखे की अफवाहों ने पकड़ा जोर

शादी टलने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें सामने आईं। कुछ लोगों ने दावा किया कि पलाश मुच्छल ने स्मृति को धोखा दिया है और उनका नाम एक वेडिंग कोरियोग्राफर से जोड़ा गया। इसी बीच स्मृति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी से जुड़ी सभी पोस्ट भी डिलीट कर दी थीं, जिससे अटकलें और तेज़ हो गई थीं।

पलाश मुच्छल ने भी जारी किया भावुक बयान

पलाश मुच्छल ने भी इस पूरे मामले पर अपना बयान जारी करते हुए कहा— “मैंने अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ने और अपने निजी रिश्ते से पीछे हटने का फैसला किया है। बिना किसी आधार के फैलाई जा रही अफवाहों ने मुझे बेहद आहत किया है। यह मेरी ज़िंदगी का सबसे कठिन दौर है, जिसे मैं पूरी गरिमा और अपने विश्वासों के साथ पार करूंगा।

मैं उम्मीद करता हूं कि लोग बिना सच्चाई जाने किसी के बारे में राय न बनाएं। कई बार हमारे शब्द ऐसे ज़ख्म दे जाते हैं, जिनकी गहराई का अंदाज़ा भी नहीं होता। मेरी टीम झूठी और बदनाम करने वाली खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। इस मुश्किल समय में जो लोग मेरे साथ खड़े रहे, उनका दिल से धन्यवाद।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button