लॉ एंड ऑर्डर पर बड़ी जीत, 6 गैंग का सरगना असली रहमान डकैत गिरफ्तार
फिल्मी डायलॉग से चर्चा में आए नाम वाला असली रहमान डकैत सूरत में गिरफ्तार। एमपी के भोपाल से 14 राज्यों में फैला था इरानी गैंग का नेटवर्क।

सूरत. रहमान डकैत की दी हुई मौत बड़ी कसाईनुमा होती है…”— यह डायलॉग भले ही फिल्म धुरंधर में Akshaye Khanna के किरदार से जुड़ा हो, लेकिन हकीकत में भी भारत में एक रहमान डकैत पुलिस के लिए खौफ का नाम बना हुआ था। गुजरात के सूरत में पुलिस ने इसी नाम के खतरनाक अपराधी को किसी बड़ी वारदात से पहले ही धर दबोचा है।
गिरफ्तार आरोपी का असली नाम राजू ईरानी उर्फ आबिद अली उर्फ रहमान डकैत है, जो अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय ‘इरानी गैंग’ का सरगना बताया जा रहा है। सूरत सिटी क्राइम ब्रांच ने आरोपी की तस्वीर साझा करते हुए बताया कि यह गैंग देश के कई राज्यों में संगठित अपराध को अंजाम दे रहा था।
एमपी के भोपाल से चल रहा था अपराध का नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, रहमान डकैत मूल रूप से भोपाल का रहने वाला है और वहीं से अपने पूरे नेटवर्क को ऑपरेट करता था। सूरत क्राइम ब्रांच के डीसीपी भावेश रोजिया ने बताया कि आरोपी सूरत में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से आया था, लेकिन समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मैनेजर की तरह चलाता था 6 से ज्यादा गैंग
पूछताछ में सामने आया है कि राजू ईरानी अपने भाई जाकिर अली के साथ मिलकर पूरे गिरोह को संभालता था। उसके अधीन 6 से अधिक अलग-अलग गैंग काम कर रहे थे, जो देश के करीब 14 राज्यों में सक्रिय थे। आरोपी खुद कम ही अपराध करता था, बल्कि यह तय करता था कि कौन-सी गैंग किस राज्य में जाएगी और किस तरह की वारदात को अंजाम देगी।
बुजुर्गों को बनाता था शिकार, CBI-पुलिस बनकर करता था लूट
यह गिरोह खासतौर पर सीनियर सिटीजन को निशाना बनाता था। आरोपी और उसके साथी कभी खुद को पुलिस या CBI अधिकारी बताकर लोगों को डराते, तो कभी फर्जी चेकिंग के नाम पर नकदी और गहने लूट लेते थे। इसके अलावा गैंग पर जमीनों पर कब्जा, अवैध हथियार रखने और चोरी का माल बेचने जैसे गंभीर आरोप भी हैं। फिलहाल, रहमान डकैत पर 6 से अधिक राज्यों में 10 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं और कई राज्यों की पुलिस उसे लंबे समय से तलाश रही थी।




