मध्य प्रदेश

अब RailOne App से अनारक्षित टिकट पर 3% छूट, 14 जनवरी से नई व्यवस्था लागू

रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर 3% सीधी छूट 14 जनवरी से लागू। मकर संक्रांति से पहले भोपाल रेल मंडल ने रेलवे लाइनों के पास पतंगबाजी न करने की अपील की।

भोपाल. डिजिटल टिकट बुकिंग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे यात्रियों को बड़ी राहत देने जा रही है। अब कोटा मंडल के यात्री रेलवन मोबाइल ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर तीन प्रतिशत की सीधी छूट का लाभ उठा सकेंगे। यह सुविधा 14 जनवरी से अगले छह माह के लिए प्रायोगिक रूप से लागू की जा रही है।

किन भुगतान विकल्पों पर मिलेगी छूट

रेलवे के अनुसार, यह छूट आर-वालेट को छोड़कर सभी डिजिटल भुगतान विकल्पों पर लागू होगी, जिनमें—

  • यूपीआई
  • डेबिट कार्ड
  • क्रेडिट कार्ड
  • नेट बैंकिंग शामिल हैं।
  • वहीं, आर-वालेट से टिकट बुक करने वाले यात्रियों को पहले की तरह 3% बोनस कैशबैक मिलता रहेगा।

14 जुलाई तक प्रभावी, फिर होगी समीक्षा

यह प्रायोगिक योजना 14 जनवरी से 14 जुलाई तक प्रभावी रहेगी। इसके बाद सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) द्वारा योजना की समीक्षा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। रेलवे का उद्देश्य डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना, टिकट बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाना और पारदर्शिता बढ़ाना है।

क्या बोले वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया, “वर्तमान में रेलवन ऐप पर केवल आर-वालेट से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3% बोनस कैशबैक मिलता है। नई व्यवस्था के तहत 14 जनवरी से सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से बुकिंग पर यात्रियों को 3% की सीधी छूट दी जाएगी।”

मकर संक्रांति से पहले रेलवे की सुरक्षा अपील

मकर संक्रांति के मद्देनज़र भोपाल रेल मंडल ने आमजन से रेलवे लाइनों के आसपास पतंगबाजी न करने की अपील की है।
रेलवे प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भोपाल रेल मंडल में ट्रेनों का संचालन 25,000 वोल्ट की हाई टेंशन ओवरहेड विद्युत लाइनों से होता है, जिनमें 24 घंटे करंट रहता है।

पतंगबाजी से हो सकता है बड़ा हादसा

अधिकारियों के मुताबिक, यदि पतंग का मांझा इन तारों में उलझ जाए, तो गीला, धातुयुक्त या सिंथेटिक मांझा करंट को सीधे व्यक्ति तक पहुंचा सकता है। इससे गंभीर हादसा या जान का नुकसान हो सकता है। इसके अलावा, ओवरहेड लाइनों में पतंग या मांझा फंसने से रेल संचालन बाधित हो सकता है, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।

रेलवे की अपील

रेलवे प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे—

  • रेलवे ट्रैक,
  • ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइनों,
  • स्टेशन परिसरों के पास

पतंगबाजी से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही पतंग उड़ाएं, ताकि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button