पंचायत सेवाओं में बड़ा बदलाव: PANCHAM के जरिए WhatsApp पर मिलेगा समाधान
डिजिटल इंडिया के तहत सरकार ने WhatsApp पर PANCHAM चैटबॉट लॉन्च किया। इससे ग्रामीण अब पंचायत सेवाओं, योजनाओं और जरूरी जानकारियों को घर बैठे आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

नई दिल्ली. डिजिटल इंडिया की मुहिम अब शहरों से आगे बढ़ते हुए गांव-गांव तक तेजी से पहुंच रही है। पंचायत कार्यालयों के चक्कर, फाइलों की देरी और जानकारी के अभाव से ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब ग्राम पंचायत से जुड़े कई काम WhatsApp के माध्यम से घर बैठे किए जा सकेंगे। इसके लिए सरकार ने PANCHAM नाम का विशेष चैटबॉट लॉन्च किया है, जो पंचायत सेवाओं, सरकारी योजनाओं और जरूरी सूचनाओं से सीधे जोड़ने का काम करेगा।
क्या है PANCHAM और क्यों है खास?
भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए PANCHAM चैटबॉट के लॉन्च की जानकारी दी। इसका उद्देश्य पंचायत व्यवस्था को डिजिटल रूप से मजबूत बनाना और प्रशासनिक सूचनाओं को सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह चैटबॉट पहली बार केंद्र सरकार को देशभर के 30 लाख से अधिक निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और पंचायत अधिकारियों से एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ने में सक्षम होगा। इससे पंचायत स्तर पर सूचनाओं का आदान-प्रदान अधिक तेज और प्रभावी होगा।
WhatsApp-आधारित डिजिटल सहयोगी
PANCHAM एक WhatsApp-आधारित डिजिटल टूल है, जिसके जरिए—
- पंचायत सेवाओं की जानकारी
- सरकारी योजनाओं के अपडेट
- प्रशिक्षण सामग्री
सर्वे और प्रशासनिक सूचनाएं
कुछ ही पलों में उपलब्ध हो सकेंगी। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके लिए किसी नए ऐप को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है। यूजर को सामान्य चैटिंग जैसा ही अनुभव मिलेगा।
WhatsApp पर ही क्यों किया गया लॉन्च?
भारत में WhatsApp सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है। इसी वजह से PANCHAM को WhatsApp पर लॉन्च किया गया है ताकि पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी और आम ग्रामीण इसे आसानी से उपयोग कर सकें। इसका इंटरफेस सरल है और किसी विशेष तकनीकी प्रशिक्षण की आवश्यकता नहीं है।
पंचायत से जुड़ी इन सेवाओं में करेगा मदद
PANCHAM चैटबॉट को ई-ग्राम स्वराज प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है और यह पंचायत अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के आधार पर काम करता है। इसके माध्यम से—
- ई-ग्राम स्वराज
- एलजीडी (LGD)
- जीपीडीपी (GPDP)
पंचायती राज मंत्रालय की योजनाओं
से जुड़ी प्रमाणित और अपडेटेड जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल यह चैटबॉट एआई की तरह खुद से जवाब नहीं बनाता, बल्कि पहले से सत्यापित डेटा ही प्रदान करता है, जिसे समय-समय पर अपडेट किया जाता रहेगा। इससे आम लोग भी पंचायत सेवाओं, प्रमाण पत्रों, सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी सरल तरीके से हासिल कर सकेंगे।




