‘BF ने 40 दिन साथ रखकर धोखा दिया…’ कोर्ट की छत पर चढ़ी युवती, हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद FIR
शहर के कोर्ट भवन में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती कोर्ट की छत और बाउंड्री पर चढ़कर हाईवोल्टेज ड्रामा करने लगी।

गोपालगंज. शहर के कोर्ट भवन में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती कोर्ट की छत और बाउंड्री पर चढ़कर हाईवोल्टेज ड्रामा करने लगी। युवती को इस हालत में देखकर कोर्ट परिसर में मौजूद लोग दंग रह गए। अधिवक्ताओं ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस जवानों और अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद युवती को समझा-बुझाकर छत से नीचे उतारा और उसे नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
गिरफ्तारी नहीं होने से परेशान होकर उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, विशंभरपुर थाना क्षेत्र के तिवारी मटिहनिया गांव की रहने वाली रंभा कुमारी ने एक युवक के खिलाफ पहले ही विशंभरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि, अब तक आरोपित युवक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
युवती लगातार थाना और वरीय पुलिस अधिकारियों के कार्यालय का चक्कर काटकर थक चुकी थी। इसी नाराजगी और हताशा में वह शुक्रवार को कोर्ट परिसर पहुंची और छत पर चढ़कर हंगामा करने लगी।
कोर्ट का कामकाज हुआ प्रभावित, भीड़ जुटी
युवती के हाईवोल्टेज ड्रामे के कारण कुछ समय के लिए कोर्ट का कामकाज भी प्रभावित हुआ। उसके हंगामे को देखने के लिए कोर्ट परिसर में भीड़ जमा हो गई। कई अधिवक्ता अपना काम छोड़कर घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थिति को देखते हुए कोर्ट परिसर में तैनात पुलिस पदाधिकारी ने नगर थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
कोर्ट परिसर में हंगामा करने पर युवती के खिलाफ FIR
कोर्ट की छत पर चढ़कर सुरक्षा व्यवस्था भंग करने और न्यायिक कार्य में बाधा डालने के मामले में नगर थाना में युवती के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष जफरुद्दीन अली ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद युवती को कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।
40 दिन साथ रखकर धोखा देने का आरोप
पीड़िता रंभा कुमारी का आरोप है कि उसे अपने ही गांव के एक युवक से प्रेम था। प्रेम प्रसंग के चलते वह युवक के साथ घर से चली गई थी। आरोप है कि युवक ने करीब 40 दिनों तक उसे अपने साथ रखा, फिर घर लाकर उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया।
इसके बाद युवती ने विशंभरपुर थाना में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई, लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने से वह लगातार परेशान थी और इसी आक्रोश में उसने कोर्ट परिसर में यह कदम उठाया।




