सड़क कनेक्टिविटी को रफ्तार: 4,400 करोड़ की 8 NH परियोजनाओं का शिलान्यास–लोकार्पण
17 जनवरी को मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात। नितिन गडकरी करेंगे 4,400 करोड़ रुपये की 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, कनेक्टिविटी और सड़क सुरक्षा को मिलेगा नया आयाम।

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि 17 जनवरी मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी विदिशा जिले में आयोजित कार्यक्रम में ₹4,400 करोड़ से अधिक लागत की 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल 181 किलोमीटर लंबी ये परियोजनाएं मध्य भारत और बुंदेलखंड क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को नया आयाम देंगी और प्रदेश की परिवहन अवसंरचना को सशक्त बनाएंगी।
क्षेत्रीय विकास, उद्योग और रोजगार को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इन परियोजनाओं से
- औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार
- आवागमन की सुगमता
- आर्थिक प्रगति और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए 3 आधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा, जो सुरक्षित ड्राइविंग, दुर्घटनाओं में कमी और युवाओं के लिए रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण में अहम भूमिका निभाएंगे।
बेहतर कनेक्टिविटी, कम यात्रा समय और सुरक्षित सड़कें
परियोजनाओं के पूर्ण होने से भोपाल–विदिशा–सागर–राहतगढ़–ब्यावरा जैसे प्रमुख औद्योगिक, कृषि और पर्यटन मार्गों पर यातायात अधिक सुगम होगा।
- चार-लेन चौड़ीकरण से यात्रा समय में कमी
- ईंधन की बचत और प्रदूषण में गिरावट
- ब्लैक स्पॉट सुधार, अंडरपास और ज्यामितीय सुधारों से सड़क सुरक्षा में वृद्धि सुनिश्चित होगी।
ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर: सड़क सुरक्षा की मजबूत नींव
MoRTH की पहल के तहत विदिशा और सागर जिलों में प्रस्तावित 3 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर IDTR एवं RDTC मॉडल पर विकसित किए जाएंगे। ये केंद्र सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार ड्राइविंग व्यवहार को बढ़ावा देंगे।
लोकार्पित होने वाली परियोजनाएं
1. रातापानी वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र (अब्दुल्लागंज–इटारसी)
- 4-लेन चौड़ीकरण: 12 किमी
- लागत: ₹418 करोड़
- वन्यजीव संरक्षण के लिए एनिमल अंडरपास और साउंड-प्रूफ कॉरिडोर, 15–30 मिनट तक यात्रा समय की बचत।
2. देहगांव–बम्होरी मार्ग
- लंबाई: 27 किमी
- लागत: ₹60 करोड़
- किसानों को बाजारों तक तेज़ और सुरक्षित पहुंच, स्वास्थ्य-शिक्षा सेवाओं में सुधार।
शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाएं
1. भोपाल–विदिशा 4-लेन
- लंबाई: 42 किमी | लागत: ₹1,041 करोड़
- भोपाल–कानपुर कॉरिडोर का अहम हिस्सा, सांची को बेहतर कनेक्टिविटी।
2. विदिशा–ग्यारसपुर 4-लेन
- लंबाई: 29 किमी | लागत: ₹543 करोड़
- यात्रा समय में कमी, कृषि उत्पादों के परिवहन को बढ़ावा।
3. ग्यारसपुर–राहतगढ़ 4-लेन
- लंबाई: 36 किमी | लागत: ₹903 करोड़
- लॉजिस्टिक्स, व्यापार और पर्यटन को गति।
4. राहतगढ़–बेरखेड़ी 4-लेन
- लंबाई: 10 किमी | लागत: ₹731 करोड़
- अंतर-राज्यीय यातायात क्षमता में वृद्धि।
5. सागर वेस्टर्न बायपास (ग्रीनफील्ड)
- लंबाई: 20.2 किमी | लागत: ₹688 करोड़
- NH-146 को NH-44 से जोड़ेगा, यात्रा समय में लगभग 70% कमी।
6. भोपाल–ब्यावरा खंड पर 5 अंडरपास
- लंबाई: 5 किमी | लागत: ₹122 करोड़
- ब्लैक स्पॉट सुधार, ग्रामीण-शहरी कनेक्टिविटी सुदृढ़।




