छत्तीसगढ़

Yoga Day 2026: योग को बनाएं लाइफस्टाइल; छत्तीसगढ़ में राज्यपाल और मंत्रियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

छत्तीसगढ़ में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका, बलरामपुर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और जांजगीर में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

रायपुर. पूरे देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बेहद उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित मुख्य योग शिविर में राज्यपाल रमेन डेका बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संदेश का वाचन किया और गणमान्य नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। राज्यपाल ने पूरे प्रदेश को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बच्चों में डालें योग की आदत, मन और शरीर दोनों होगा मजबूत: राज्यपाल

योगाभ्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशवासियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। राज्यपाल का संदेश: “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मन, आत्मा और भावनाओं को सुदृढ़ बनाकर व्यक्ति के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमें खुद भी प्रतिदिन योगाभ्यास करना चाहिए और बच्चों को भी इसकी आदत डालनी चाहिए, ताकि उनका शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बेहतर हो और वे भविष्य में देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।”

इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, सुनील सोनी, मुख्य सचिव विकास शील, डीजीपी अरुण देव गौतम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, छात्र और दिव्यांगजन उपस्थित रहे।

बलरामपुर में ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर भव्य आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बलरामपुर जिले में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के तहत व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वामी आत्मानंद स्कूल के हाई स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में जिले की प्रभारी व महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विभिन्न आसनों का अभ्यास करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को आज वैश्विक पहचान मिली है। योग और अध्यात्म एक-दूसरे के पूरक हैं, जो मनुष्य को अनुशासित और सकारात्मक जीवन जीने की दिशा दिखाते हैं।

योग ‘विकास भी, विरासत भी’ का जीवंत उदाहरण: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

जांजगीर-चांपा के जिला मुख्यालय स्थित भीमा तालाब परिसर में भी सामूहिक योगाभ्यास का बड़ा आयोजन किया गया। यहाँ प्रदेश के वित्त मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया भारतीय संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर को अपना रही है। योग हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्वस्थ जीवन का मजबूत आधार है। यह “विकास भी, विरासत भी” की हमारी राष्ट्रीय अवधारणा का सबसे बेहतरीन और जीवंत उदाहरण है, जिसने विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button