बिहार में मकान-फ्लैट बनाना अब आसान नहीं: कमरे और रसोई के नए साइज तय, नियमों का उल्लंघन किया तो नहीं पास होगा नक्शा
बिहार सरकार ने नए भवन निर्माण नियम (Bihar Building Bylaws) का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। अब मकान, फ्लैट और अपार्टमेंट में कमरा, रसोई और शौचालय की न्यूनतम ऊंचाई व साइज तय मानकों के अनुरूप होना अनिवार्य होगा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
पटना. बिहार में अगर आप अपना नया मकान बनाने की सोच रहे हैं या फिर आप कोई बिल्डर हैं जो नया अपार्टमेंट प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। राज्य सरकार ने घरों के घटकों (कमरे, रसोईघर, शौचालय और बाथरूम) के न्यूनतम क्षेत्रफल और ऊंचाई को लेकर कड़े मानक तय कर दिए हैं। अब नियमों का उल्लंघन करने वालों पर न केवल गाज गिरेगी, बल्कि संबंधित भवन का नक्शा भी स्वीकृत नहीं किया जाएगा। नगर विकास विभाग ने भवन निर्माण उपविधि (Building Bylaws) के नए ड्राफ्ट में इन सख्त गाइडलाइंस को शामिल किया है, जिसे जल्द ही सम्राट चौधरी कैबिनेट की मंजूरी के बाद पूरे सूबे में लागू कर दिया जाएगा।
बिल्डरों की मनमानी और खेल पर लगेगी लगाम
अक्सर देखा जाता है कि बिल्डर्स स्वीकृत ऊंचाई के भीतर ज्यादा से ज्यादा फ्लोर या फ्लैट बनाने के चक्कर में छतों की ऊंचाई कम कर देते हैं। कई अपार्टमेंट्स में कमरों की ऊंचाई महज 8 फीट तक रख दी जाती है, जिससे वहां रहने वाले आम लोगों को वेंटिलेशन और घुटन जैसी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नए नियमों के लागू होने से बिल्डरों की इस मनमानी और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगेगी।
कमरे और रसोई की न्यूनतम ऊंचाई 9 फीट अनिवार्य
नए नियमों के अनुसार, किसी भी रहने योग्य कमरे की चौड़ाई कम से कम 8 फीट और ऊंचाई न्यूनतम 9 फीट होना अनिवार्य है। इसके साथ ही कमरे का कुल क्षेत्रफल 97 वर्गफीट से कम नहीं होना चाहिए। इसी तरह रसोईघर (किचन) के लिए भी 9 फीट की ऊंचाई और न्यूनतम 48.5 वर्गफीट का क्षेत्रफल तय किया गया है।
नक्शा पास कराने की शर्त: यदि भवन निर्माण का नक्शा इन नए निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करेगा, तो संबंधित नगर निगम या स्थानीय निकाय उसे सीधे रिजेक्ट कर देगा।
जानिए किस हिस्से का क्या साइज होना है जरूरी (न्यू रूल्स चार्ट):
नए भवन निर्माण उपविधि के ड्राफ्ट के अनुसार आपके आशियाने का गणित अब कुछ इस तरह होगा:
| भवन के प्रमुख घटक | न्यूनतम क्षेत्रफल (वर्गफीट) | न्यूनतम चौड़ाई (फीट) | न्यूनतम ऊंचाई (फीट) |
| रहने योग्य कमरा (Room) | 97 | 8 | 9 |
| रसोईघर (Kitchen) | 48.5 | 6 | 9 |
| रसोई और डाइनिंग (Combined) | 81 | 7 | 9 |
| केवल स्नानागार (Bathroom) | 20 | 4 | 7.25 |
| केवल शौचालय (Toilet) | 13 | 3 | 7.25 |
| शौचालय और स्नानागार (Attached) | 30 | 4 | 7.25 |
| छत की मुंडेर (Parapet Wall) | तय नहीं | तय नहीं | 3.95 से 4.92 |




