मध्य प्रदेश

नकली पान मसाला बनाने का गोरखधंधा उजागर, इंदौर से 3 गिरफ्तार

इंदौर में नकली विमल पान मसाला बनाने वाली फैक्ट्री पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। घर में चल रहे अवैध कारखाने से मशीनें व सामग्री जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार।

इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने नकली पान मसाला बनाने वाले एक अवैध कारखाने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में पान मसाला बनाने की सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक मशीनें और तैयार माल जब्त किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी घर के भीतर ही ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली पान मसाला तैयार कर बाजार में सप्लाई कर रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर कनाड़िया क्षेत्र में दबिश

एसीपी कुंदन मंडलोई के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कनाड़िया क्षेत्र के सहारा सिटी से बिचोली मर्दाना स्थित एक मकान में अवैध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना मिलते ही टीआई यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

‘विमल’ के नाम से तैयार हो रहा था नकली पान मसाला

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि मकान में विमल पान मसाला के नाम से नकली उत्पाद तैयार किया जा रहा था। मौके पर पान मसाला बनाने के उपकरण और बड़ी मात्रा में कच्चा व तैयार माल मौजूद था।

ये सामग्री और मशीनें हुईं जब्त

पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मौके से

  • पाऊच पैकिंग मशीन
  • पाऊच सीलिंग मशीन
  • सुपारी ओवन ड्रायर
  • सुपारी कटर मशीन
  • विमल ब्रांड के रोल
  • मैग्नीशियम कार्बोनेट
  • कत्था, चूना, तंबाकू
  • थैलियों में भरा पान मसाला जब्त किया है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, मुंबई कनेक्शन भी आया सामने

पुलिस ने नकली पान मसाला बनाते हुए अक्षत (निवासी स्नेह नगर), जावेद (निवासी सनावद) और अरुण (निवासी पालघर, मुंबई) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में से एक का मुंबई से संबंध सामने आने के बाद पुलिस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

आगे की जांच जारी

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली पान मसाले की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button