माफी के साथ खुलासा: नाइट क्लब विवाद पर हैरी ब्रूक ने तोड़ी चुप्पी
नाइट क्लब विवाद पर इंग्लैंड कप्तान हैरी ब्रूक ने माफी मांगी। एशेज 2025-26 के बाद सामने आए मामले में 30 हजार पाउंड का जुर्माना और ECB की आखिरी चेतावनी।

Harry Brook ने एशेज 2025-26 सीरीज के खत्म होते ही नाइट क्लब विवाद को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। यह घटना ऑस्ट्रेलिया में नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड के दौरे के दौरान हुई थी, जब ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले इंग्लैंड की टीम वहां वनडे सीरीज खेल रही थी।
वेलिंगटन में हुआ विवाद
The Telegraph की रिपोर्ट के मुताबिक, वेलिंगटन वनडे से एक रात पहले एक नाइट क्लब में एंट्री न मिलने पर हैरी ब्रूक और एक बाउंसर के बीच कहासुनी हो गई थी। यह मामला ऐसे समय सामने आया, जब इंग्लैंड टीम को The Ashes 2025-26 में 4-1 से हार का सामना करना पड़ा और टीम कल्चर को लेकर आलोचनाएं तेज हो गईं।
टीम कल्चर पर उठे सवाल
ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान इंग्लैंड टीम पर नूसा में ब्रेक के समय जरूरत से ज्यादा शराब सेवन के आरोप भी लगे थे। इन्हीं घटनाओं की कड़ी में न्यूजीलैंड का यह नाइट क्लब कांड भी जोड़ा गया, जिसने इंग्लैंड क्रिकेट के अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए।
30 हजार पाउंड का जुर्माना, आखिरी चेतावनी
हैरी ब्रूक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। इस मामले में उन पर लगभग 30,000 पाउंड का जुर्माना लगाया गया है और उन्हें आखिरी चेतावनी दी गई है।
ब्रूक ने बयान में कहा, “मैं अपने एक्शन के लिए बिना किसी शर्त के माफी मांगता हूं। मेरा व्यवहार गलत था और इससे मुझे और इंग्लैंड टीम दोनों को शर्मिंदगी हुई। इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करना सबसे बड़ा सम्मान है और मैं अपने साथियों, कोचों और समर्थकों को निराश करने के लिए दुखी हूं। मैंने इस घटना से जिम्मेदारी और प्रोफेशनलिज्म का सबक लिया है और भरोसा फिर से बनाने के लिए कड़ी मेहनत करूंगा।”
ECB ने की कार्रवाई की पुष्टि
England and Wales Cricket Board (ECB) ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “इस मामले को एक फॉर्मल और कॉन्फिडेंशियल ECB डिसिप्लिनरी प्रोसेस के जरिए सुलझा लिया गया है। खिलाड़ी ने माफी मांगी है और माना है कि उनका व्यवहार अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं था।”
सोशल मीडिया वीडियो से बढ़ा विवाद
घटना वाली रात हैरी ब्रूक और उनके इंग्लैंड टीम के साथी Jacob Bethell को शराब पीते हुए एक वीडियो में देखा गया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
रॉब की ने दी थी अनौपचारिक चेतावनी
चौथे एशेज टेस्ट से पहले इंग्लैंड के क्रिकेट डायरेक्टर Rob Key ने बताया कि उन्होंने न्यूजीलैंड में हुए इस व्यवहार को लेकर ब्रूक और बेथेल से बातचीत की थी। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगा कि यह फॉर्मल चेतावनी देने लायक था, लेकिन शायद इनफॉर्मल चेतावनी देना जरूरी था।”




