मध्य प्रदेश

लाड़ली बहना योजना पर बड़ा अपडेट: आर्थिक मदद बढ़ेगी, रोजगार से जुड़ेगी महिलाएं

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जवला और लाड़ली बहना योजना के तहत करोड़ों बहनों को आर्थिक सहायता दी। सोहागपुर में 206 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और कई बड़ी घोषणाएं कीं।

भोपाल. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां विकास के चार मूल सूत्र—गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी (GYAN)—के सशक्तिकरण के लिए मिशन मोड में योजनाएं लागू की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत प्रदेश की 29 लाख पात्र बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 90 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि का अंतरण किया। इसके साथ ही उन्होंने सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 206 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया, जिसमें माखन नगर का नवनिर्मित सर्किट हाउस भी शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रख्यात साहित्यकार पं. माखनलाल चतुर्वेदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और मुख्य चौक पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ सलामी दी। उन्होंने कहा कि पं. माखनलाल चतुर्वेदी की कविताओं में ऐसा राष्ट्रप्रेम और ओज था कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भी बाबई की धरती पर आकर उनकी जन्मस्थली को नमन करने आए थे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 32वीं किस्त का अंतरण किया गया है। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं के हाथ में आर्थिक संसाधन आते हैं, तो वे पूरे परिवार की जरूरतों को प्राथमिकता देती हैं। राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से इस योजना की राशि बढ़ा रही है। साथ ही, रोजगारपरक उद्योगों में कार्य करने वाली बहनों को 5 हजार रुपये तक की सहायता, संपत्ति पंजीयन में 2 प्रतिशत अतिरिक्त छूट और स्व-रोजगार के अवसर भी दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदापुरम का मलबरी रेशम देशभर में प्रसिद्ध है। यहां धागा निर्माण उद्योग से जुड़कर 50 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनी हैं। राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ घोषित किया है, जिसमें कृषि को उद्योग और रोजगार से जोड़ा जाएगा। किसानों को गेहूं, धान और दालों का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बाबई–मोहासा औद्योगिक क्षेत्र में अब तक 1000 एकड़ भूमि का आवंटन हो चुका है और शेष 400 एकड़ भूमि पर उद्योगों के लिए प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इंदौर में दूषित जल से हुई घटना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रमुख घोषणाएं

  • 42 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बागरा–साखा होज सिंचाई परियोजना प्रारंभ होगी।
  • 122 करोड़ रुपये की लागत से तवा नदी पर नया पुल, जिससे बाबई–सोहागपुर सीधे इटारसी से जुड़ेगा।
  • नर्मदापुरम से बाबई, सोहागपुर, पिपरिया और बनखेड़ी तक सड़क 4 लेन होगी।
  • माखन नगर में महाविद्यालय के लिए अतिरिक्त कक्षों का निर्माण।
  • सोहागपुर में एसडीएम भवन और माखन नगर में नया तहसील भवन।
  • माखन नगर को नई फायर ब्रिगेड की सौगात।
  • माखन नगर में 154 एकड़ भूमि पर 5 हजार से अधिक क्षमता की गौशाला।
  • माखन नगर में खेल स्टेडियम और सोहागपुर में नया महाविद्यालय।
  • नर्मदापुरम में नया पॉलिटेक्निक कॉलेज।

रोड-शो में उमड़ा जनसैलाब

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माखन नगर में रोड-शो किया। खुले वाहन में सवार होकर उन्होंने नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सोहागपुर विधानसभा में 206 करोड़ रुपये से अधिक के 35 कार्यों का लोकार्पण और 58 कार्यों का भूमि-पूजन हुआ है। विधायक विजय पाल सिंह ने भी औद्योगिक विकास और किसानों को सोलर पंप जैसी योजनाओं के लाभ की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button