मध्य प्रदेश

प्रशासनिक सेवा की ताकत पर बोले सीएम डॉ. यादव, कहा— देश निरंतर प्रगति पथ पर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आईएएस सर्विस मीट-2025 में कहा कि 21वीं सदी भारत की होगी। पीएम मोदी के नेतृत्व में विवेकानंद का सपना साकार हो रहा है।

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद का यह विचार था कि 21वीं सदी भारत की होगी और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रभावी नेतृत्व में आज यह स्वप्न साकार होता नजर आ रहा है। वर्तमान समय में विश्व का हर देश भारत से मित्रता करना चाहता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अब हर चुनौती और हर परिस्थिति का सामना करने में सक्षम राष्ट्र बन चुका है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश आईएएस एसोसिएशन सर्विस मीट-2025 के शुभारंभ अवसर पर प्रशासन अकादमी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी और मध्यप्रदेश कैडर के बड़ी संख्या में आईएएस अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका से मजबूत हुआ भारत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की भूमिका के कारण ही आज भारत दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है। देश की विविधताओं के बीच प्रशासनिक सेवा क्षेत्र पूरी प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी हर चुनौती का सामना करते हुए निरंतर देश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

सरदार पटेल के प्रयासों से बनी प्रशासनिक व्यवस्था

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश की आजादी के बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रयासों से सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था का निर्माण संभव हो सका। राजाओं की सत्ता को लोकतांत्रिक व्यवस्था में बदलने में प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। भारत की संघीय व्यवस्था के तहत प्रदेश के अधिकारियों ने केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मध्यप्रदेश की सकारात्मक छवि बनाई है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश एक प्रयोगशाला की तरह है, जहां विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर नवाचार हुए हैं और इनमें से कई नवाचारों का अनुसरण देश-दुनिया में किया जा रहा है।

अनुभव और योग्यता को महत्व देते हैं प्रधानमंत्री मोदी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी योग्यता और अनुभव के महत्व को भली-भांति समझते हैं। यही कारण है कि सेवाकाल के बाद भी कई वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभव का लाभ शासन व्यवस्था को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी प्रशासनिक अधिकारी सम्मान के अधिकारी हैं और यह प्रसन्नता का विषय है कि अधिकारी एक परिवार की तरह हर कठिनाई से निकलने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की नींव हैं अधिकारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अनुभव से भरे वरिष्ठ अधिकारी और ऊर्जा से भरपूर युवा अधिकारी विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की मजबूत नींव हैं। आज का समय केवल नीतियां बनाने और योजनाओं के क्रियान्वयन का ही नहीं, बल्कि नवाचार को समझने, तकनीक को अपनाने और नागरिक की दृष्टि से सोचने का भी है।

उन्होंने कहा कि सेवा करने का अवसर सौभाग्य से मिलता है और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने यह सौभाग्य अपने कठिन परिश्रम से अर्जित किया है। हमारी संस्कृति में ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ मानी गई है, इसलिए आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

आईएएस एसोसिएशन ने जताया मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर भरोसा

मध्यप्रदेश आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव श्री मनु श्रीवास्तव ने कहा कि सर्विस मीट-2025 में नए वेंचर्स की सफलता और नवाचारों पर विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है, जो सभी को अपनाता है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के आईएएस अधिकारी राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री पी. नरहरि ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सेवा का कार्य पूरी गरिमा और संवेदनशीलता के साथ किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button