छत्तीसगढ़

खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को नई उड़ान: जशपुर में ₹20.53 करोड़ की तीरंदाजी अकादमी स्वीकृत

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जशपुर जिले को एक और बड़ी सौगात मिली है।

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जशपुर जिले को एक और बड़ी सौगात मिली है। जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत पंडरा पाठ में अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी (आर्चरी सेंटर) के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद से 20.53 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है।

विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित होगी अकादमी

अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी का उद्देश्य खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और उत्कृष्ट अधोसंरचना उपलब्ध कराना है। प्रस्तावित आर्चरी सेंटर में वातानुकूलित इनडोर और आधुनिक आउटडोर तीरंदाजी रेंज, हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर, तथा छात्रावास (हॉस्टल) जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।

युवा तीरंदाजों के लिए बनेगा उत्कृष्ट प्रशिक्षण केंद्र

इस अकादमी के निर्माण से जशपुर जिले के ग्रामीण और आदिवासी युवाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं मिलेंगी। यह पहल आने वाले वर्षों में जशपुर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र (हब) बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने का अवसर मिलेगा और वे देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन कर सकेंगे।

खेल प्रतिभाओं को विश्व पटल तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें विश्व स्तर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का यह एक और मजबूत उदाहरण है। इस परियोजना से जशपुर जिले को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी और यह देशभर के युवा तीरंदाजों के लिए एक आदर्श प्रशिक्षण केंद्र के रूप में उभरेगा।

एनटीपीसी के सीएसआर सहयोग से मिलेगा नया आयाम

तीरंदाजी अकादमी के निर्माण में एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा सीएसआर योजना के तहत दिया गया सहयोग खेल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस घोषणा से जिले के युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और खिलाड़ियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है और इसे जशपुर के उज्ज्वल खेल भविष्य की नींव बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button