मनोरंजन

5 साल की मेहनत का फल: ‘अनुपमा’ की रुपाली गांगुली को बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड

‘अनुपमा’ फेम रुपाली गांगुली को ITA अवॉर्ड मिला। खुशी के इस पल में अभिनेत्री ने दिवंगत सतीश शाह को किया याद और अपने 25 साल के संघर्ष भरे सफर को साझा किया।

मुंबई. पिछले पांच वर्षों से टीवी पर दर्शकों का दिल जीत रहा शो ‘अनुपमा’ आज भी लोकप्रियता के शिखर पर बना हुआ है। कहानी और किरदारों में समय के साथ कई बदलाव आए, लेकिन अनुपमा के प्रति दर्शकों का प्यार लगातार बढ़ता गया। इसी सफलता का नतीजा है कि शो की मुख्य अभिनेत्री रुपाली गांगुली को इंडियन टेलीविजन अकादमी (ITA) अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।

अवॉर्ड मिलने पर खुशी से झूमीं रुपाली

ITA अवॉर्ड जीतने के बाद रुपाली गांगुली बेहद खुश नजर आईं। उन्होंने इस खास पल को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, जहां वह ट्रॉफी के साथ मुस्कुराते हुए पोज देती दिख रही हैं। अभिनेत्री ने यह खुशी अपने को-स्टार्स, शो के निर्माता राजन शाही और अपने फैंस के साथ साझा की।

दिवंगत सतीश शाह को किया समर्पित अवॉर्ड

रुपाली गांगुली ने अपने पोस्ट में दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कैप्शन में लिखा— “आभार, आभार और ढेर सारा आभार। यह लेजेंड, मेरे रॉकस्टार—मेरे सतीश काका के लिए है।” रुपाली ने अपने 25 साल के करियर की यात्रा का जिक्र करते हुए संघर्ष, असुरक्षा, निराशा और उम्मीदों की बात भी साझा की।

पति अश्विन के समर्थन को बताया ताकत

रुपाली ने अपने पोस्ट में पति अश्विन का भी खास जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि जब वह हार मानने वाली थीं, तब अश्विन के भरोसे और समर्थन ने ही उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी। अश्विन ने हमेशा उनके अभिनय करियर में उन्हें प्रोत्साहित किया।

राजन शाही को दिया धन्यवाद

टीवी की अनुपमा ने आगे लिखा कि 25 साल पहले जब उन्होंने टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा था, तब उनके डेब्यू डायरेक्टर राजन शाही ने उन पर भरोसा किया और उन्हें ‘अनुपमा’ जैसा आइकॉनिक किरदार दिया। रुपाली ने इस सफर के लिए सभी दर्शकों और टीम का आभार जताया।

सतीश शाह के साथ खास रिश्ता

गौरतलब है कि रुपाली गांगुली और दिवंगत सतीश शाह के बीच बेहद खास रिश्ता रहा है। रुपाली उन्हें पिता समान मानती थीं और उनके अंतिम समय में उनसे मिलने भी पहुंची थीं। दोनों ने लोकप्रिय सिटकॉम ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ में साथ काम किया था, जहां रुपाली ने मोनिषा का किरदार निभाया था। उनकी शानदार कॉमिक टाइमिंग आज भी दर्शकों को याद है। सिटकॉम का सीक्वल जरूर आया, लेकिन सतीश शाह के निधन के बाद साराभाई परिवार अधूरा सा हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button