हॉरर-कॉमेडी का तड़का: अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ की रिलीज डेट आई सामने
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन 14 साल बाद हॉरर कॉमेडी ‘भूत बंगला’ में फिर साथ। फिल्म 15 मई 2026 को रिलीज होगी, पोस्टर जारी होते ही बढ़ा फैंस का उत्साह।

बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार की आने वाली हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बंगला की रिलीज डेट सामने आ गई है। फिल्म 15 मई, 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि इस फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर प्रियदर्शन कर रहे हैं, जिनके साथ अक्षय कुमार 14 साल बाद फिर से काम कर रहे हैं।
सुपरहिट जोड़ी की दमदार वापसी
‘भूत बंगला’ से पहले अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी कई सुपरहिट फिल्में दे चुकी है, जिनमें हेराफेरी, गरम मसाला, भागम भाग, भूल भुलैया, दे दना दन और खट्टा मीठा शामिल हैं। इन फिल्मों की सफलता को देखते हुए ‘भूत बंगला’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता है।
दमदार स्टारकास्ट
इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, तब्बू और परेश रावल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में दिवंगत अभिनेता असरानी भी दिखाई देंगे।
पोस्टर रिलीज, कैप्शन ने बढ़ाया सस्पेंस
फिल्म को बालाजी टेलीफिल्म्स की बालाजी मोशन पिक्चर्स ने केप ऑफ गुड फिल्म्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है।
बालाजी मोशन पिक्चर्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर जारी किया है, जिसमें अक्षय कुमार हाथ में लालटेन लिए एक टीले पर बैठे नजर आ रहे हैं। पोस्टर पर तारीख 15-05-2026 लिखी है। कैप्शन में लिखा गया— “बंगले से एक खबर आई है। दरवाजे 15 मई 2026 को खुलेंगे। सिनेमाघरों में मिलते हैं।”




