‘अखंड 2’ की रिलीज टली, नई तारीख जल्द होगी घोषित, मद्रास हाईकोर्ट के आदेश पर लगी रोक
तेलुगु सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण के प्रशंसकों को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अखंड 2’ की रिलीज अचानक स्थगित कर दी गई।
मुंबई. तेलुगु सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण के प्रशंसकों को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अखंड 2’ की रिलीज अचानक स्थगित कर दी गई। फिल्म आज यानी 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन रिलीज से कुछ ही घंटे पहले निर्माताओं ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी सूचना दी कि फिल्म को फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। 2021 में रिलीज हुई ‘अखंड’ की जबरदस्त बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में भारी उत्सुकता थी, ऐसे में आखिरी वक्त पर रिलीज रुकना फैंस के लिए बेहद निराशाजनक साबित हुआ।
निर्माताओं का आधिकारिक बयान फिल्म की टीम ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “भारी मन से आपको सूचित करना पड़ रहा है कि ‘अखंड 2’ अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण तय तारीख पर रिलीज नहीं हो पाएगी। हम जानते हैं कि यह खबर हमारे दर्शकों के लिए बेहद निराशाजनक है। हम हालात को सुलझाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं और जल्द ही नई रिलीज डेट की घोषणा करेंगे।” इससे पहले फिल्म का प्रीमियर शो भी अचानक रद्द कर दिया गया था, जिससे फैंस की चिंताएं और बढ़ गई थीं।
कोर्ट के आदेश से टली रिलीज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की रिलीज मद्रास हाईकोर्ट के आदेश के बाद रोकी गई है। यह कार्रवाई इरोस इंटरनेशनल मीडिया लिमिटेड द्वारा दायर याचिका पर की गई है। मामला एक पुराने मध्यस्थता विवाद से जुड़ा है, जिसमें अदालत ने इरोस के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कंपनी को करीब 28 करोड़ रुपये (14 प्रतिशत ब्याज सहित) का भुगतान करने का आदेश दिया था। जब तक इस बकाया राशि का निपटारा नहीं हो जाता, कोर्ट ने ‘अखंड 2’ की रिलीज पर रोक लगाने का निर्देश दिया है।
नई तारीख का इंतजार
निर्माता पक्ष का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ‘अखंड 2’ की नई रिलीज डेट जल्द घोषित की जाएगी। फिलहाल फैंस सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी के साथ-साथ फिल्म के जल्द रिलीज होने की उम्मीद भी जता रहे हैं।



