वर्ल्ड कप मिशन शुरू, श्रीलंका की टीम में पूर्व भारतीय कोच की एंट्री
T20 World Cup 2026 से पहले श्रीलंका क्रिकेट ने बड़ा फैसला लिया। भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर बने श्रीलंका टीम के नए बैटिंग कोच।

नई दिल्ली. टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है, जबकि फाइनल 8 मार्च तक खेला जाएगा। इस मेगा टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं। टूर्नामेंट से पहले श्रीलंका क्रिकेट ने बड़ा कदम उठाते हुए भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर को अपना नया बैटिंग कोच (कंसल्टेंट) नियुक्त किया है।
18 जनवरी से संभालेंगे जिम्मेदारी
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की ओर से गुरुवार को इस नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा की गई। राठौर 18 जनवरी से टीम के साथ काम शुरू करेंगे। उनका कॉन्ट्रैक्ट टी20 विश्व कप 2026 के समापन के दो दिन बाद यानी 10 मार्च तक रहेगा। बोर्ड ने बयान में कहा, “विक्रम राठौर को सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है। उनका प्राथमिक फोकस टीम को आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 के लिए तैयार करना होगा।”
भारतीय टीम के साथ लंबा अनुभव
जब राहुल द्रविड़ भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच थे, तब विक्रम राठौर कोचिंग स्टाफ का अहम हिस्सा रहे। उन्होंने सितंबर 2019 से जुलाई 2024 तक टीम इंडिया के बल्लेबाजों को निखारा।
इस दौरान भारत ने वनडे विश्व कप 2023 और टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल तक का सफर तय किया। भारतीय टीम छोड़ने के बाद राठौर राजस्थान रॉयल्स से जुड़े, जहां वे बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभा रहे हैं। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में राठौर ने 6 टेस्ट और 7 वनडे मैच खेले हैं।
श्रीलंका की प्रारंभिक टीम
दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, कामिल मिशारा, कुसल परेरा, धनंजय डी सिल्वा, निरोशन डिकवेला, जेनिथ लियानगे, चरिथ असलांका, कामिंडु मेंडिस, पवन रथनायके, सहान अराचिगे, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेललागे, मिलन रथनायके, नुवान तुषारा, ईशान मलिंगा, दुष्मंथा चमीरा, प्रमोद मदुशन, मथीशा पथिराना, दिलशान मदुशंका, महेश थीक्षाना, दुशान हेमंथा, विजयकांत व्यासकांत, ट्रैवीन मैथ्यू।
T20 World Cup 2026 में श्रीलंका का शेड्यूल
- श्रीलंका बनाम आयरलैंड – 8 फरवरी
- श्रीलंका बनाम ओमान – 12 फरवरी
- ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका – 16 फरवरी
- श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे – 19 फरवरी
क्यों अहम है यह नियुक्ति?
अनुभवी कोच विक्रम राठौर की मौजूदगी से श्रीलंका के बल्लेबाजों को तकनीकी मजबूती, मानसिक तैयारी और बड़े टूर्नामेंट का अनुभव मिलेगा। भारत और श्रीलंका में खेले जाने वाले इस विश्व कप में यह नियुक्ति लंकाई टीम के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है।




