उत्तर प्रदेशराज्य

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर शुरू हुआ रेस्तरां, यात्रियों को चौबीसों घंटे मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के किमी संख्या 51 पर 24 घंटे चलने वाला रेस्तरां शुरू हो गया है। जानिए यहां उपलब्ध भोजन, ईवी चार्जिंग, ट्रामा सेंटर और पार्किंग सुविधाओं के बारे में संपूर्ण जानकारी।

लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले मुसाफिरों के लिए बड़ी राहत की खबर है। यात्रियों की यात्रा को आरामदायक और सुविधाजनक बनाने के लिए एक्सप्रेसवे के ग्रीन फील्ड (किमी. संख्या 51) पर 24 घंटे चालू रहने वाले रेस्तरां की शुरुआत कर दी गई है।

यहाँ सुबह के नाश्ते से लेकर रात के लंच और डिनर तक की बेहतरीन व्यवस्था की गई है। लगभग छह हेक्टेयर के विशाल क्षेत्र में फैले इस पड़ाव पर एक समय में 100 से अधिक छोटे-बड़े वाहनों की पार्किंग की पर्याप्त जगह है। खाने-पीने के अलावा यहाँ बच्चों के लिए विशेष किड्स ज़ोन, पेट्रोल पंप और ईवी (EV) चार्जिंग स्टेशन जैसे आधुनिक प्वाइंट्स भी तैयार किए जा रहे हैं।

चरणबद्ध तरीके से होगा रेस्तरां का विस्तार

वर्तमान में इस रेस्तरां में एक साथ 50 से 60 लोगों के बैठने की क्षमता है। यह रेस्तरां दिन-रात (24×7) यात्रियों की सेवा में खुला रहेगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की इकाई नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLM) द्वारा एक्सप्रेसवे के दोनों ओर यह सुविधा विकसित की जा रही है।

फिलहाल कानपुर से लखनऊ आते वक्त एक्सप्रेसवे पर जमीन चिह्नित कर बैरिकेडिंग कर दी गई है। अधिकारियों का दावा है कि दूसरी तरफ भी जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे दोनों दिशाओं में यात्रियों को ये सुविधाएं मिल सकें।

आपात स्थिति के लिए मिलेगा 10 बेड का ट्रामा सेंटर

यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यहाँ एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) के तहत कैमरों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके अलावा, लखनऊ से कानपुर और कानपुर से लखनऊ, दोनों दिशाओं में 10-10 बेड का ट्रामा सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। किसी भी सड़क दुर्घटना या मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में घायलों को यहाँ तत्काल प्राथमिक व आपातकालीन इलाज मिल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button