जनता दर्शन में खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, सीएम योगी बोले- मेहनत करो, सरकार देगी सम्मान और रोजगार
CM Yogi Janata Darshan: जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों को पदक जीतने पर सरकारी नौकरी में प्राथमिकता का भरोसा दिया। पारिवारिक विवाद, प्रशासनिक लापरवाही और बच्चों की शिक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिए।
CM Yogi Janata Darshan: लखनऊ. लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के साथ सरकारी नौकरी में भी प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का रास्ता लगातार अभ्यास और परिश्रम से होकर गुजरता है।
सरकारी भर्ती में खिलाड़ियों को मिल रहा अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कई खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर डिप्टी एसपी, तहसीलदार और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उनका कहना था कि सरकार प्रतिभा का सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध है और खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान देना चाहिए।
पारिवारिक विवादों को आपसी संवाद से सुलझाने की सलाह
जनता दर्शन में पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने संबंधित लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली और समझाइश देते हुए कहा कि ऐसे विवादों का समाधान परिवार के भीतर आपसी बातचीत से करना अधिक उचित होता है। उन्होंने आगाह किया कि घरेलू मतभेदों में बाहरी हस्तक्षेप कई बार स्थिति को और जटिल बना देता है तथा इसका नकारात्मक असर बच्चों पर भी पड़ता है।
लापरवाही पर अधिकारियों को चेतावनी
कार्यक्रम के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने पहुंचीं। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से यह जानकारी ली कि संबंधित मामलों की शिकायत कब दर्ज कराई गई थी। निर्धारित समय के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बच्चों से आत्मीय मुलाकात, पढ़ाई पर दिया जोर
जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों का नाम और कक्षा पूछी, उन्हें चॉकलेट भेंट की और मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने, अनुशासन बनाए रखने और अपने परिवार व प्रदेश का नाम रोशन करने का संदेश भी दिया।




