जगदीशपुर में 18 जुलाई को होगी मंत्रिपरिषद की बैठक, UCC विधेयक पर रहेगा विशेष फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 18 जुलाई को जगदीशपुर में होने वाली मंत्रिपरिषद बैठक की घोषणा की। बैठक में समान नागरिक संहिता विधेयक, विधानसभा सत्र, युवा वर्ष 2027, औद्योगिक निवेश, डिजिटल सुशासन और प्रदेश के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि मंत्रिपरिषद की अगली बैठक 18 जुलाई को भोपाल जिले के जगदीशपुर (पूर्व में इस्लाम नगर) में आयोजित की जाएगी। बैठक का प्रमुख एजेंडा समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक पर चर्चा रहेगा। इसके साथ ही 20 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को निर्देश दिए कि 24 जुलाई तक चलने वाले सत्र में प्रस्तुत होने वाले 14 विधेयकों की सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।
युवा वर्ष 2027 की तैयारी, जनता से मांगे गए सुझाव
सरकार वर्ष 2027 को “युवा वर्ष” के रूप में मनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए प्रदेशभर से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं के लिए नई गतिविधियों और नवाचारों को कार्ययोजना में शामिल किया जा सके। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में प्रभावी बनाने के लिए भी मंत्रियों से किसान हितैषी योजनाओं और नवाचारों के सुझाव देने को कहा।
ई-नगर पालिका मॉडल को मिला राष्ट्रीय सम्मान
मुख्यमंत्री ने नगरीय आवास एवं विकास विभाग को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 में साइबर सुरक्षा श्रेणी का रजत पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ई-नगर पालिका प्लेटफॉर्म और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से नगरीय प्रशासन अधिक पारदर्शी, सरल और नागरिक-केंद्रित बना है। उन्होंने इंदौर में हाल ही में शुरू हुए 21 लाख पौधरोपण और 51 हजार वर्षा जल संचयन इकाइयों के अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
पीथमपुर बन रहा प्रदेश का औद्योगिक विकास केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीथमपुर लगातार औद्योगिक निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है। यहां किसान इरिगेशन की नई विनिर्माण इकाई और लिउगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शुभारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि पीथमपुर अब मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में तेजी से उभर रहा है, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और टेक निवेश को मिलेगा बढ़ावा
इंदौर में आयोजित ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव’ में 200 से अधिक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्लुएंसर्स ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में डिजिटल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ शुरू किया जाएगा। वहीं भोपाल में आयोजित एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 के दौरान लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सामने आए, जिनसे 34 हजार से अधिक रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है। कार्यक्रम में नई औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण और कई कंपनियों को भूमि आवंटन के आशय-पत्र भी दिए गए।
सेमीकंडक्टर और महिला क्रिकेट में मध्यप्रदेश की बढ़ती पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे उभरते क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस क्षेत्र में निवेश और उद्योगों की बढ़ती रुचि को प्रदेश के लिए सकारात्मक संकेत बताया। इसके साथ ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक टेस्ट जीत पर बधाई देते हुए मध्यप्रदेश की खिलाड़ी क्रांति गौड़ के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि मैच में सात विकेट लेकर टीम की जीत में उनका योगदान प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और यह युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।




