नरसिंहपुर में मातम: घर में आई थी नई खुशी, रिश्तेदारों को लड्डू बांटने निकले दो जीजा और 9 साल की साली को ट्रक ने रौंदा; बच्ची की मौत
एमपी के नरसिंहपुर में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 9 वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पढ़ें पूरी खबर।

नरसिंहपुर. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रविवार को मंडी रोड पर मून लाइट गार्डन के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार 9 वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद से परिवार में जहां खुशियों का माहौल था, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है।
घर में आई थी संतान, खुशी के लड्डू बांटने निकले थे रिश्तेदार
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खमरिया निवासी नर्मदा प्रसाद धानक के छोटे दामाद हल्के (निवासी ग्राम छींद, उदयपुरा) के घर हाल ही में संतान का जन्म हुआ था। इसी खुशी में वे लड्डू बांटने अपनी ससुराल खमरिया आए हुए थे।
रविवार दोपहर को हल्के अपने साढ़ू भाई सोमनाथ धानक (निवासी उमरधा, बनखेड़ी) और अपनी 9 वर्षीय साली मानसी को बाइक पर साथ लेकर रिश्तेदारों के यहां लड्डू बांटने निकले थे। लेकिन किसे पता था कि यह खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल जाएगी।
ट्रक के टायर के नीचे आई मासूम, एक घायल जबलपुर रेफर
रिश्तेदारों के यहां से लड्डू बांटकर लौटते समय मून लाइट गार्डन के पास सामने से आ रहे ट्रक (क्रमांक MP 09 HG 8327) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम मानसी और सोमनाथ सीधे ट्रक के टायर के नीचे आ गए। हादसे में मानसी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अस्पताल से अपडेट: घटना की सूचना मिलते ही स्टेशनगंज पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सोमनाथ धानक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जबलपुर रेफर कर दिया है। वहीं, हल्के का इलाज जिला अस्पताल में ही चल रहा है।
ट्रक जब्त, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। स्टेशनगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाकारी ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। परिजनों की मौजूदगी में मृतका मानसी के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




