Smita Bansal Tragic Story: ‘बालिका वधू’ की सुमित्रा का छलका दर्द, बोलीं- काम के चक्कर में बेटी से बढ़ गई थी दूरी
'बालिका वधू' फेम स्मिता बंसल (सुमित्रा) का छलका दर्द. एक्ट्रेस ने बताया कि शूटिंग की व्यस्तता के कारण कैसे उनकी बेटी उनसे दूर हो गई थी और एक मां के तौर पर उन्हें किस बात का पछतावा है.
मुंबई: टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय धारावाहिकों में से एक ‘बालिका वधू’ में ‘सुमित्रा’ (आनंदी की सास) का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुईं दिग्गज अभिनेत्री स्मिता बंसल ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर एक बेहद भावुक और चौंकाने वाला खुलासा किया है. हाल ही में एक टीवी टॉक शो ‘तुम हो ना- घर की सुपरस्टार’ में बातचीत के दौरान स्मिता का दर्द छलक पड़ा. उन्होंने बताया कि लगातार शूटिंग और काम की व्यस्तता के कारण वह अपनी ही बेटियों को वक्त नहीं दे पाईं, जिसकी वजह से एक वक्त ऐसा आया जब उनकी सगी बेटी उनसे भावनात्मक रूप से दूर हो गई थी.
जब बेटी ने मेरे साथ सोने से मना कर दिया…— स्मिता बंसल ने सुनाया झकझोर देने वाला किस्सा
टॉक शो में अपने करियर और निजी जिंदगी के बीच के संघर्ष को बयां करते हुए स्मिता बंसल ने कहा, “एक कलाकार होने के नाते मैं अपने काम को पूरी ईमानदारी से निभाती हूं, लेकिन इसी बीच परिवार से दूर रहने का दर्द मुझे अंदर ही अंदर कचोटता रहता है. प्रोफेशनल कमिटमेंट्स के चलते कई बार मैं अपने निजी रिश्तों को उतना समय नहीं दे पाई, जितना एक मां के रूप में मुझे देना चाहिए था.“
स्मिता ने उस दर्दनाक पल को याद करते हुए बताया कि, “एक बार जब मैं कई दिनों की लगातार शूटिंग के बाद घर लौटी, तो मैंने सोचा कि आज अपनी बेटी को मैं खुद अपने पास सुलाऊंगी. लेकिन जब मैं उसके पास गई, तो उसने मेरे साथ सोने से साफ मना कर दिया और अपनी दादी के पास जाकर सो गई. वह पल मेरे लिए किसी झटके से कम नहीं था. मुझे तब अहसास हुआ कि काम के चक्कर में मेरे और मेरी बेटी के बीच एक इमोशनल दूरी आ चुकी है.“
पर्दे पर बनीं सबकी मां, लेकिन असल जिंदगी में बेटी के लिए तरसीं
स्मिता ने आगे बेहद भावुक होते हुए कहा कि टीवी की दुनिया में लोग मुझे अलग-अलग किरदारों के नाम से पहचानते थे. कोई मुझे ‘आनंदी की मां/सास’ कहता था, तो कोई ‘जग्या की मां’. पूरी दुनिया से मुझे एक मां के रूप में ढेर सारा प्यार और सम्मान मिल रहा था, लेकिन हकीकत यह थी कि मैं खुद अपनी ही बेटी के साथ वो वक्त नहीं बिता पा रही थी, जिसकी उसे जरूरत थी. एक मां के तौर पर यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा पछतावा है, जिसे मैं चाहकर भी कभी नहीं बदल सकती.
किरदारों ने सिखाया जिंदगी का सच: स्मिता बंसल ने अपने किरदारों को लेकर कहा, “मैंने पर्दे पर हमेशा ऐसी मजबूत महिलाओं के रोल निभाए हैं जो बिना कुछ बोले भी जिंदगी के हर तूफान का सामना कर जाती हैं. इन किरदारों ने मुझे सिखाया कि असली ताकत दिखावे में नहीं, बल्कि रोजमर्रा के त्याग और धैर्य में होती है. आज मैं खुद को इन किरदारों से जुड़ा हुआ महसूस करती हूं.”
2002 में की थी शादी, दो बेटियों की मां हैं स्मिता
अगर स्मिता बंसल के निजी जीवन की बात करें, तो उन्होंने साल 2002 में मशहूर निर्देशक और अभिनेता अंकुश मोहला के साथ सात फेरे लिए थे. इस शादी से उनकी दो बेहद प्यारी बेटियां हैं, जिनका नाम स्टाशा बंसल और अनघा बंसल है. स्मिता ने माना कि करियर के पीक पर रहने के दौरान वर्किंग मदर्स को अक्सर इस तरह के कड़े मानसिक दौर और गिल्ट (ग्लानि) से गुजरना पड़ता है.



