MP BJP Executive Committee: भाजपा कार्यसमिति में बड़ा फेरबदल; 33% महिलाओं को मिली जगह, पहली बार मुस्लिम महिला शामिल
MP BJP State Executive Committee List: मध्यप्रदेश भाजपा ने 106 सदस्यीय नई प्रदेश कार्यसमिति घोषित कर दी है। इसमें 33% महिला आरक्षण और भोपाल की बिलकिस जहां के रूप में पहली बार मुस्लिम महिला को जगह मिली है।
भोपाल। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लंबे इंतजार के बाद अपनी नई प्रदेश कार्यसमिति की सूची जारी कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने से ठीक पहले आई इस नई टीम में कुल 106 सदस्यों को जगह मिली है। पिछली बार की 164 सदस्यीय कमेटी के मुकाबले इस बार सूची को छोटा और असरदार बनाया गया है। केंद्रीय दिशा-निर्देशों के तहत तैयार की गई इस नई कार्यसमिति की पहली बड़ी बैठक 15 जुलाई के आसपास धार्मिक नगरी ओरछा में होने की संभावना है।
‘मिशन 33%’ और पहली बार मुस्लिम महिला चेहरे को एंट्री
इस नई कार्यसमिति में सबसे बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव महिला प्रतिनिधित्व को लेकर हुआ है। पार्टी ने संगठन में 33 प्रतिशत महिला भागीदारी सुनिश्चित करते हुए 35 महिला नेताओं को मुख्य सूची में शामिल किया है। इसमें सबसे चौंकाने वाला और खास नाम भोपाल की बिलकिस जहां का है, जिन्हें पहली बार किसी मुस्लिम महिला प्रतिनिधि के रूप में प्रदेश कार्यसमिति में जगह दी गई है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, कैबिनेट मंत्री कृष्णा गौर, संपतिया उइके, निर्मला भूरिया और पूर्व सांसद रीति पाठक जैसी दिग्गज महिला नेत्रियों को भी शामिल किया गया है।
सत्ता और संगठन का तालमेल: शिवराज-सिंधिया समेत दिग्गज शामिल
नई सूची में सत्ता पक्ष और संगठन के बीच मजबूत संतुलन दिखाई दे रहा है। कार्यसमिति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र कुमार को शामिल किया गया है। इसके अलावा दोनों डिप्टी सीएम (जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल), राज्य मंत्रिमंडल के 15 कैबिनेट मंत्री, 3 राज्य मंत्री, 20 से अधिक विधायक तथा 9 सांसदों को इस टीम में जगह मिली है।
सिंधिया समर्थकों और वरिष्ठों को मिला पूरा सम्मान
बीजेपी ने इस फेरबदल में उन नेताओं को भी फिर से मुख्यधारा में जोड़ा है जो पिछले चुनाव में हार के बाद से नेपथ्य में थे। ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक इमरती देवी, महेंद्र सिंह सिसोदिया, ओपीएस भदौरिया, गिर्राज दंडौतिया और संतराम सिरोनिया को कार्यसमिति में शामिल किया गया है। वहीं सिंधिया कोटे के दो कद्दावर मंत्री तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत भी इस सूची का हिस्सा हैं।
इसके साथ ही, पार्टी ने मार्गदर्शक मंडल के रूप में 41 वरिष्ठ नेताओं को ‘स्थाई आमंत्रित सदस्य’ बनाया है, जिनमें पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, अनुसुइया उइके, कुसुम मेहदेले, माया सिंह और यशोधरा राजे सिंधिया जैसी कद्दावर हस्तियां शामिल हैं।




