CM विष्णुदेव साय की बड़ी संवेदनशीलता: किडनी मरीज के लिए मंजूर किए ₹3.95 लाख, अहमदाबाद में होगा ट्रांसप्लांट
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के किडनी मरीज जितेंद्र यादव के इलाज के लिए ₹3.95 लाख से अधिक की सहायता राशि मंजूर की है। जानें योजना और इलाज से जुड़ी पूरी रिपोर्ट।

रायपुर/जशपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संवेदनशील नेतृत्व में ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’ गरीबों और जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के गंभीर किडनी रोग से पीड़ित जितेंद्र कुमार यादव (44 वर्ष) को सरकार की तरफ से बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री साय ने मरीज के जीवन रक्षक उपचार और किडनी प्रत्यारोपण (Renal Transplant) के लिए 3,95,121 रुपये की आर्थिक सहायता राशि को तत्काल मंजूरी दे दी है।
आर्थिक तंगी बन रही थी बाधा, बगिया कैंप कार्यालय से मिली उम्मीद
जशपुर निवासी जितेंद्र कुमार यादव लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और डॉक्टरों ने उन्हें जल्द से जल्द किडनी ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी थी। हालांकि, परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण इलाज का भारी-भरकम खर्च उठाना असंभव हो रहा था।
संकट की इस घड़ी में मरीज के परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह निवास बगिया स्थित ‘मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय’ पहुंचकर आर्थिक मदद के लिए गुहार लगाई। मामले की गंभीरता और मरीज की नाजुक हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बिना वक्त गंवाए त्वरित संज्ञान लिया और अधिकारियों को सहायता राशि जारी करने के निर्देश दिए।
अहमदाबाद के प्रतिष्ठित संस्थान में होगा किडनी ट्रांसप्लांट
राज्य नोडल एजेंसी द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, सरकार द्वारा स्वीकृत यह राशि गुजरात के अहमदाबाद स्थित प्रतिष्ठित जी.आर. दोशी एवं के.एम. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी एंड रिसर्च सेंटर को भेजी गई है। इस राशि का उपयोग जितेंद्र के किडनी प्रत्यारोपण, अस्पताल के खर्चों और आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों के लिए किया जाएगा।
बेहतर स्वास्थ्य के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी सरकार राज्य के हर नागरिक, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी जरूरतमंद का इलाज पैसों की कमी के कारण नहीं रुकना चाहिए।
परिजनों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
मुख्यमंत्री द्वारा समय पर मिली इस बड़ी मदद से जितेंद्र के परिवार में खुशी और राहत का माहौल है। परिजनों ने भावुक होते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इस संवेदनशीलता के कारण ही अब जितेंद्र को नया जीवन मिल सकेगा।




