देश

जामताड़ा में राहुल गांधी की जनसभा तय, इरफान अंसारी ने की औपचारिक मुलाकात

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नई दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें जामताड़ा आने का निमंत्रण दिया। बैठक में विकास, संगठन और जनकल्याण योजनाओं पर चर्चा हुई।

रांची. झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान डॉ. अंसारी ने राहुल गांधी को जामताड़ा आने का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए शीघ्र जामताड़ा आगमन की सहमति दी। बैठक में जामताड़ा में एक ऐतिहासिक जनसभा और सम्मेलन के आयोजन पर भी सहमति बनी।

झारखंड की राजनीतिक और प्रशासनिक स्थिति पर चर्चा

मुलाकात के दौरान झारखंड की राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. इरफान अंसारी ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी राहुल गांधी को दी। राहुल गांधी ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है और सरकार जनहित के मुद्दों पर मजबूती से कार्य कर रही है।

संगठनात्मक मजबूती पर जोर

संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए डॉ. अंसारी ने बताया कि प्रदेश प्रभारी के मार्गदर्शन में कांग्रेस संगठन जमीनी स्तर पर लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जनता के बीच सक्रिय हैं।

राहुल गांधी ने राज्य सरकार के मंत्रियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी मंत्री अपने-अपने विभागों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं और जनता से सीधे जुड़े मुद्दों पर फोकस बनाए हुए हैं।

भाजपा को तथ्यों के साथ जवाब देने का संदेश

बैठक में राहुल गांधी ने स्पष्ट संदेश दिया कि भारतीय जनता पार्टी को हर मुद्दे पर तथ्यों के साथ सशक्त और मुखर जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र और समाज की अपेक्षाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

स्वास्थ्य और खाद्य आपूर्ति योजनाओं की समीक्षा

इस अवसर पर स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट राहुल गांधी को सौंपी गई। उन्होंने 15 लाख रुपये तक के हेल्थ कार्ड के माध्यम से निश्शुल्क इलाज की योजना की सराहना की और राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।

डॉ. अंसारी ने बताया कि झारखंड में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाई जा रही है और बीमा आधारित स्वास्थ्य योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं। खाद्य आपूर्ति व्यवस्था पर चर्चा के दौरान पीडीएस प्रणाली को मजबूत करने और 4G ई-पॉस मशीनों के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई।

जनहित में कार्य जारी रखने का संदेश

राहुल गांधी ने डॉ. इरफान अंसारी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें जनहित में समर्पित भाव से कार्य करते रहने का संदेश दिया और कहा कि ऐसे प्रयासों से सरकार और संगठन दोनों को मजबूती मिलती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button